21 September History: 1857 में अंतिम मुगल बादशाह Bahadur Shah Zafar को ब्रिटिश सेना ने किया था गिरफ्तार

21 September History: 1857 में अंतिम मुगल बादशाह Bahadur Shah Zafar को ब्रिटिश सेना ने किया था गिरफ्तार
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

सन 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान 21 सितंबर को ब्रिटिश फौज ने अंतिम मुगल बादशाह बहादुर शाह जफर को बंदी बना लिया था। इसके बाद उन पर मुकदमा चलाकर उन्हें रंगून निर्वासित कर दिया गया जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। इतिहास में यह तारीख आतिशी के दिल्ली मुख्यमंत्री पद की शपथ और महिला आरक्षण विधेयक पारित होने जैसी घटनाओं के लिए भी दर्ज है।

मुगल बादशाह बहादुर शाह जफर का जिक्र आते ही उनकी उर्दू शायरी और हिंदुस्तान से उनकी मोहब्बत की भी बात होती है। कहने को तो वह 1837 में बादशाह बने, लेकिन तब तक देश के काफी बड़े इलाके पर अंग्रेजों का कब्जा हो चुका था। सल्तनत के नाम पर उनके पास कुछ ही इलाके बचे थे। सन 1857 में क्रांति की चिंगारी भड़की तो सभी विद्रोही सैनिकों और राजा-महाराजाओं ने उन्हें हिंदुस्तान का सम्राट माना और उन्होंने भी अंग्रेजों को खदेड़ने का आह्वान किया, लेकिन 82 बरस के बूढ़े बहादुर शाह जफर की अगुवाई में लड़ी गई यह लड़ाई कुछ ही दिन चली और 21 सितंबर को अंग्रेजों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उन पर मुक़दमा चलाया गया और उन्हें रंगून (आज का म्यांमा) निर्वासित कर दिया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। देश और दुनिया के इतिहास में 21 सितंबर की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1677 : नीदरलैंड के जॉन और निकोल्स वान डर हेडेन को अग्निशामक यंत्र के लिए पेटेंट मिला। 1784 : पेनसिलवेनिया पैकेट एंड जनरल एडवरटाइजर नाम से अमेरिका का पहला दैनिक अखबार छपा। 1790 : पालघाट ने 60 बंदूकों के साथ जनरल मिडोज के नेतृत्व वाली ब्रिटिश सेना की टुकड़ी के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। 1792 : फ्रेंच नेशनल कन्वेंशन ने राजशाही को समाप्त करने के लिए मतदान किया। 1857 : अंग्रेजों ने अंतिम मुगल बादशाह बहादुर शाह जफर को गिरफ्तार किया। इससे एक दिन पहले वह ब्रिटिश फौज के हाथों दिल्ली हार बैठे थे तथा उनके सामने आत्मसमर्पण के अलावा और कोई चारा नहीं था। 1866 : ब्रिटेन के प्रख्यात लेखक व इतिहासकार हर्बर्ट जॉर्ज वेल्ज़ का जन्म। 1883 : अमेरिका और ब्राजील के बीच टेलीग्राफ सेवा शुरू। 1921 : जर्मनी के ओपू में एक केमिकल प्लांट में धमाके में 800 लोगों की मौत। 1934 : जापान के होंसू द्वीप पर आए भयंकर तूफान से 4000 लोगों की मौत। 1949 : चीन में कम्युनिस्ट नेताओं ने ‘पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना’ पार्टी की घोषणा की। 1964 : माल्टा ने ब्रिटेन से स्वतंत्रता हासिल की। 1985 : उत्तर और दक्षिण कोरिया ने परिवारों की मुलाकात के लिए अपनी सीमाएं खोली। 1991 : आर्मेनिया को सोवियत संघ से स्वतंत्रता मिली। 1999 : मध्य ताइवान में भूकंप से 2400 लोगों की मौत। 2004 : अमेरिका ने लीबिया से आर्थिक प्रतिबंध हटाए। 2020: दुनिया के सबसे ऊंचे पर्वत माउंट एवरेस्ट के शिखर पर ऑक्सीजन सिलेंडर के बिना 10 बार चढ़ने वाले नेपाल के मशहूर पर्वतारोही अंग रीता शेरपा का निधन। 2023: संसद ने 128वें संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दी, जिसमें लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण का प्रावधान है। 2024: आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने दिल्ली की आठवीं मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। सुषमा स्वराज और शीला दीक्षित के बाद वह दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री बनीं। 2025 : ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा ने अमेरिका और इजराइल के विरोध को दरकिनार करते हुए फलस्तीनी राष्ट्र को औपचारिक रूप से मान्यता देने की पुष्टि की।

All the updates here:

अन्य न्यूज़