आइफा 2017 में शाहिद और आलिया को सर्वश्रेष्ठ सम्मान

Shahid, Alia win top honours at IIFA 2017
[email protected] । Jul 16 2017 10:06PM

आइफा अवार्ड की शाम शाहिद कपूर और आलिया भट्ट के नाम रही जिन्होंने ड्रग पर आधारित फिल्म ‘‘उड़ता पंजाब’’ में अपनी भूमिका के लिये क्रमश: सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीता।

न्यूयॉर्क। 18वें इंटरनेशनल इंडियन फिल्म अकादमी (आइफा) अवार्ड की शाम शाहिद कपूर और आलिया भट्ट के नाम रही जिन्होंने ड्रग पर आधारित फिल्म ‘‘उड़ता पंजाब’’ में अपनी भूमिका के लिये क्रमश: सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीता। ‘नीरजा’ को समारोह में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का अवॉर्ड दिया गया। अनिरूद्ध रॉय चौधरी को उनकी फिल्म ‘‘पिंक’’ के लिये सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार दिया गया। महिला किरदार केंद्रित इस फिल्म को समीक्षकों ने भी काफी सराहा था।

आलिया को ‘‘उड़ता पंजाब’’ में एक युवा बिहारी प्रवासी लड़की के किरदार में काफी पसंद किया गया था और इसी रोल ने उन्हें यह सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार भी दिलाया। उनके सह-अभिनेता शाहिद को नशे की गिरफ्त में आये रॉकस्टार टॉमी सिंह के किरदार के लिये सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान दिया गया। शाहिद ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘#उड़तापंजाब दोहरी बाजी। टॉमी और मेरी जाने। मुबारक हो आलिया भट्ट।’’ फ्लाइट अटेंडेंट नीरजा भनोट की जिंदगी पर बनी फिल्म ‘‘नीरजा’’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का अवॉर्ड दिया गया। इस फिल्म में सोनम कपूर ने मुख्य भूमिका निभाई थी।

संगीतकार एआर रहमान को बॉलीवुड में 25 साल पूरे होने विशेष सम्मान दिया गया। फिल्म उद्योग के दिग्गज अनुपम खेर और शबाना आजमी को क्रमश: ‘‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’’ और ‘‘नीरजा’’ के लिये सर्वश्रेष्ठ सह-अभिनेता और सर्वश्रेष्ठ सह-अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया। वरूण धवन को फिल्म ‘‘ढिशूम’’ के लिये सर्वश्रेष्ठ हास्य भूमिका का पुरस्कार दिया गया जबकि ‘‘नीरजा’’ में नकारात्मक भूमिका के लिये जिम सर्भ को सर्वश्रेष्ठ विलेन का पुरस्कार दिया गया।

फिल्मकार करन जौहर की फिल्म ‘‘ए दिल है मुश्किल’’ का संगीत की श्रेणी में दबदबा रहा। सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक का सम्मान प्रीतम को दिया गया और सर्वश्रेष्ठ पार्श्वगायक का पुरस्कार ‘‘बुलेया’’ के लिये अमित मिश्रा को दिया गया। अमिताभ भट्टाचार्य को ‘‘चन्ना मेरेया’’ के लिये सर्वश्रेष्ठ गीतकार का सम्मान दिया गया। सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायिका का पुरस्कार संयुक्त रूप से तुलसी कुमार ‘‘सोच ना सके’’ (एयरलिफ्ट) और कनिका कपूर को ‘‘डा डा डस्से’’ (उड़ता पंजाब) के लिये दिया गया। दिशा पाटनी को ‘‘एमएस धोनी’’ के लिये सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेत्री और पंजाबी स्टार दिलजीत दोसांझ को सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेता का आइफा पुरस्कार दिया गया। सर्वश्रेष्ठ कहानी का पुरस्कार ‘‘कपूर एंड संस’’ को दिया गया। फिल्म ‘‘पिंक’’ के लिये अभिनेत्री तापसी पन्नू को वूमन ऑफ द इयर नामित किया गया।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़