लोकसभा चुनावों में AAP के टिकट पर मनोज तिवारी को टक्कर देंगे शत्रुघ्न सिन्हा

shatrughan-sinha-backs-aap-leader-expected-to-take-on-manoj-tiwari

भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम की ओर इशारा करते हुये उन्होंने कहा, ‘‘मैं दिल की बात करता हूं क्योंकि मन की बात का पेटेंट किसी और के पास है।’’

भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा आगामी लोकसभा चुनावों में राजधानी दिल्ली में आम आदमी पार्टी के टिकट पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी को टक्कर देते नजर आ सकते हैं। मनोज तिवारी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। मनोज तिवारी के संसदीय क्षेत्र नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में उत्तर प्रदेश और बिहार से आये लोगों का बाहुल्य है। पहले यह सीट पूर्वी दिल्ली क्षेत्र का हिस्सा हुआ करती थी लेकिन परिसीमन के बाद यह पूर्वी दिल्ली से अलग हो गयी। भाजपा की ओर से यहां लाल बिहारी तिवारी और बैकुण्ठ लाल शर्मा सांसद रह चुके हैं।

परिसीमन के बाद इस संसदीय क्षेत्र के बदले हुए समीकरण को देखते हुए भाजपा ने यहां से भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार मनोज तिवारी को मैदान में उतारा था जोकि भारी बहुमत से जीतने में सफल रहे थे। बाद में पार्टी ने उन्हें राज्य भाजपा की कमान भी सौंप दी। अब यदि शत्रुघ्न सिन्हा आगामी लोकसभा चुनावों में मनोज तिवारी को चुनौती देने उतरते हैं तो कांटे की टक्कर हो सकती है। शत्रुघ्न सिन्हा 90 के दशक में नयी दिल्ली संसदीय क्षेत्र में हुए उपचुनाव में भाजपा के टिकट पर लड़ चुके हैं। तब उन्हें कांग्रेस उम्मीदवार राजेश खन्ना के हाथों मात मिली थी। 

इस बीच, शत्रुघ्न सिन्हा आम आदमी पार्टी की सरकार के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शुक्रवार को शहादरा में मौजूद थे। कार्यक्रम के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें काला झंडा दिखाया। इस कार्यक्रम के दौरान शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा था कि अप्रिय सत्य बोलने में कुछ भी गलत नहीं है। उन्होंने स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्रों में आप सरकार की ‘उपलब्धियों’ को लेकर उसकी तारीफ की थी। कई मुद्दों पर भाजपा और इसके नेतृत्व की आलोचना करने वाले सिन्हा ने हाथ से मलबा उठाने वालों के लिए एक कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर कहा कि वह सत्ता के लोगों को आईना दिखाते हैं और जनहित के मुद्दों को उठाते हैं।

उन्होंने पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू का भी बचाव किया जो हाल में इमरान खान के पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने के समारोह में शामिल होने के कारण आलोचनाओं में घिर गये हैं। सिन्हा ने कहा कि ‘‘इसमें कुछ भी विवादास्पद नहीं है।’’ 

भारतीय जनता पार्टी और इसके नेतृत्व की आलोचना करते हुये उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपनी लक्ष्मण रेखा जानता हूं। मैं मर्यादा और लक्ष्मण रेखा के बीच का अंतर जानता हूं। जब तक पार्टी का हिस्सा हूं इसके प्रति वफादार हूं। लेकिन जो लोग चाटुकारिता में लिप्त हैं उन्हें समझना चाहिए कि अप्रिय सत्य बोलने में कुछ भी गलत नहीं है।’’ सिन्हा ने कहा कि वह जानते हैं कि पार्टी एक व्यक्ति से अधिक महत्वपूर्ण है तथा एक देश एक पार्टी से अधिक महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम की ओर इशारा करते हुये उन्होंने कहा, ‘‘मैं दिल की बात करता हूं क्योंकि मन की बात का पेटेंट किसी और के पास है।’’

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़