TMC MP Shatrughan Sinha ने Patna में Lalu Prasad से मुलाकात कर उन्हें जननेता बताया

तृणमूल कांग्रेस के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने पटना में राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के आवास पर उनसे और राबड़ी देवी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लालू प्रसाद को एक बड़ा जननेता और अपना पुराना पारिवारिक मित्र करार दिया। सिन्हा ने बताया कि तेज प्रताप और तेजस्वी यादव के शहर से बाहर होने के कारण उनसे बातचीत नहीं हो सकी।
पटना, आठ अगस्त अभिनेता और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने यहां राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद के आवास पर उनसे मुलाकात की और उनकी जमकर तारीफ की और उन्हें जननेता व बहुत अच्छा व्यक्ति बताया। सिन्हा ने कहा कि उन्होंने प्रसाद और उनकी पत्नी राबड़ी देवी के साथ काफी बातचीत की। उन्होंने पत्रकारों से कहा, मैं यहां सिर्फ लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी से मिलने आया था।
लालू जी मेरे पुराने पारिवारिक मित्र हैं, वह एक बड़े कद के राजनेता और जननेता हैं। सबसे बढ़कर, वह एक बहुत अच्छे इंसान हैं। जब भी मैं पटना आता हूं, उनसे मिलता हूं।
टीएमसी सांसद ने कहा कि वह लालू प्रसाद के बेटे तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव से मुलाकात नहीं कर सके, क्योंकि वे किसी जरूरी काम से शहर से बाहर थे। उन्होंने कहा, हालांकि, मेरी लालू जी और राबड़ी जी के साथ काफी बातचीत हुई। सिन्हा ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत भाजपा से की थी।
कांग्रेस में कुछ समय रहने के बाद वह टीएमसी में शामिल हो गए थे। उन्होंने राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक्षा (नीट) पेपर लीक के खिलाफ छात्रों के प्रदर्शन से निपटने के तरीके को लेकर केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की शुक्रवार को आलोचना की थी, जबकि छात्रों के समर्थन में आगे आने के लिए राहुल गांधी की जमकर तारीफ की थी।
अन्य न्यूज़













