सोनिया गांधी ने Instagram पर किया डेब्यू, संस्मरण Belonging की पहली झलक शेयर की

Sonia Gandhi
ANI
अंकित सिंह । Oct 22 2026 12:09PM

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने इंस्टाग्राम पर पदार्पण करते हुए अपने आगामी संस्मरण बिलॉन्गिंग अ जर्नी ऑफ लव की पहली झलक साझा की। 544 पन्नों की यह आत्मकथा अल्फ्रेड ए. नॉफ और हार्परकॉलिन्स इंडिया द्वारा 10 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी। इसमें उनके व्यक्तिगत जीवन, राजीव गांधी से मुलाकात और जीवन की त्रासदियों का उल्लेख है।

सोशल मीडिया पर पहली बार कदम रखते हुए, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने गुरुवार को इंस्टाग्राम पर अपनी शुरुआत की। उन्होंने इस प्लेटफॉर्म पर अपनी आने वाली संस्मरण पुस्तक, 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' की एक झलक के साथ खुद को पेश किया। सोनिया गांधी ने अपनी पहली पोस्ट में लिखा, "नमस्ते सभी को, आप सबके साथ इस पल को साझा करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है; पेश है मेरी किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' की पहली झलक।" उन्होंने आगे लिखा कि यह प्यार, कर्तव्य, नुकसान और अपना स्थान खोजने की कहानी है। मुझे आप सभी के साथ इसे साझा करने का बेसब्री से इंतजार है।

View this post on Instagram

A post shared by Sonia Gandhi (@soniagandhi)

इसे भी पढ़ें: संसदीय सत्र में सरकार को घेरने की तैयारी, Rahul Gandhi के आवास पर जुटे INDIA के दिग्गज

यह पोस्ट उस किताब की पहली झलक दिखाती है, जिसे 10 नवंबर, 2026 को रिलीज़ किया जाना है। 544 पन्नों की इस आत्मकथा को 'अल्फ्रेड ए. नॉफ' द्वारा वैश्विक स्तर पर प्रकाशित किया जा रहा है, जबकि भारत में इसे 'हार्परकॉलिन्स इंडिया' द्वारा रिलीज़ किया जाएगा। 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ़ लव' की शुरुआत 1965 में इंग्लैंड के कैम्ब्रिज से होती है, जब 19 साल की छात्रा सोनिया माइनो की मुलाकात राजीव गांधी से हुई। 1968 में दोनों ने शादी कर ली, जिसके बाद सोनिया भारत आ गईं और यहाँ एक नई ज़िंदगी की शुरुआत की।

प्रकाशक के विवरण के अनुसार, यह संस्मरण इटली के जीवन से नेहरू-गांधी परिवार का हिस्सा बनने तक के उनके सफर, अपनी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से पहली मुलाकात, और भारतीय जीवन-शैली व संस्कृति में ढलने के उनके प्रयासों के बारे में बताता है। इस वृत्तांत में उन व्यक्तिगत त्रासदियों का भी जिक्र है जिन्होंने उनके जीवन को आकार दिया; इनमें 1980 में विमान दुर्घटना में संजय गांधी की मौत, 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या और 1991 में राजीव गांधी की हत्या जैसी घटनाएं शामिल हैं।

गांधी ने पहले भी अपने परिवार के बारे में लिखा है, लेकिन यह नया संस्मरण उनके जीवन और अनुभवों के एक अधिक व्यक्तिगत विवरण के रूप में पेश किया जा रहा है। 'नॉप्फ' (Knopf) द्वारा जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि उनके परिवार के बारे में बहुत कुछ लिखा जा चुका है, लेकिन बहुत कम ही ऐसे वृत्तांत हैं जिनमें परिवार के सदस्यों की प्रेरणाओं, कार्यों और मानवीय कमियों को सही ढंग से दर्शाया गया हो। उन्होंने कहा कि दिल टूटने और अपनों को खोने के दुख ने ही मुझे राजनीति की सार्वजनिक दुनिया में धकेल दिया। उससे पहले तक, मैंने अपनी निजता (प्राइवेसी) को बहुत सख्ती से बचाकर रखा था।

All the updates here:

अन्य न्यूज़