गरीबों का भी जन्मदिन मनाएं सपा कार्यकर्ता: मुलायम सिंह यादव

sp-workers-should-also-celebrate-the-birthday-of-the-poor-says-mulayam-singh-yadav
पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सभी कार्यकर्ता जब किसी गरीब का जन्मदिन मनाने का निर्णय करें तो उस कार्यक्रम में उन्हें भी आमंत्रित करें। वह उसमें जरूर शिरकत करेंगे।

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने शुक्रवार को गरीबों का जन्मदिन मना कर उनके दिल में जगह बनाने का आह्वान करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि ऐसा करके सपा के मान और सम्मान में इजाफा होगा। 

मुलायम ने अपने 81 वें जन्मदिवस पर पार्टी राज्य मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को कामयाबी का मंत्र देते हुए कहा कि यह अच्छी बात है कि आज उनका जन्मदिन मनाया जा रहा है, लेकिन इस मौके पर वह यह कहना चाहते हैं कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता भी अपने-अपने गांव में किसी गरीब का जन्मदिन मनाएं। वह तभी समझेंगे कि उनका जन्मदिन मनाने का उद्देश्य सफल हो गया है।उन्होंने कहा कि इसके साथ ही पार्टी कार्यकर्ता गरीबों के प्रति हो रहे अन्याय के खिलाफ मजबूत आवाज बनें। इससे जनता को यह विश्वास होगा कि सिर्फ सपा ही गरीबों को सम्मान देती है। साथ ही इससे सपा का मान और सम्मान भी बढ़ेगा।सपा संस्थापक ने किसी का नाम लिए बगैर कहा कि बुंदेलखंड में एक महिला ने एक संगठन बनाया था जिसने गरीबों को त्योहार मनाने में मदद की थी। उसने बाद में बुंदेलखंड में सपा को वोट दिलाने में काफी मदद की थी। 

इसे भी पढ़ें: अखिलेश का दावा, UP में अब तक सबसे अच्छी सुविधाएं सपा सरकार ने दी हैं

पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सभी कार्यकर्ता जब किसी गरीब का जन्मदिन मनाने का निर्णय करें तो उस कार्यक्रम में उन्हें भी आमंत्रित करें। वह उसमें जरूर शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी दिली इच्छा है कि बाकी कार्यकर्ता भी आगे चलकर मुलायम सिंह यादव बनें ताकि उनका भी इसी तरह सम्मान हो। सपा संस्थापक ने कहा कि जो नौजवान कार्यकर्ता उनसे मिलना चाहते हैं तो वह मिलें। वह उन्हें बताएंगे कि आगे कैसे बढ़ना है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वह हमेशा अन्याय का विरोध करें और न्याय का साथ दें। ऐसा होने से सपा सबसे महत्वपूर्ण पार्टी बन जाएगी। आज देश के सामने बहुत समस्याएं हैं, पार्टी कार्यकर्ता उनके खिलाफ आवाज उठाएं।अपने जन्मदिन पर मुलायम पार्टी के पुराने बुजुर्ग कार्यकर्ताओं से भी मिले। मुलायम जब एक बुजुर्ग कार्यकर्ता के गले में हाथ डालकर खड़े हुए तो वह बेहद भावुक हो गए।इस मौके पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद हसन समेत अनेक वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

Disclaimer:प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


अन्य न्यूज़