Gurugram में कार की टक्कर से पलटा टेंपो, 15 महिला मजदूरों सहित 17 लोग घायल

सोहना-गुरुग्राम मार्ग पर एल्डेको सोसाइटी के नजदीक रविवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में घायल हुए 17 लोगों में से 15 महिलाएं दिहाड़ी मजदूर हैं जो काम पर जा रही थीं। पुलिस ने आरोपी चालक की कार को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।
सोहना-गुरुग्राम मार्ग पर ‘एल्डेको सोसाइटी’ के पास रविवार सुबह तेज रफ्तार कार ने एक टेंपो को टक्कर मार दी, जिससे टेंपो में सवार 15 महिला मजदूरों समेत 17 लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो सड़क पर तीन बार पलट गया।
अधिकारियों ने बताया कि सभी घायलों को सोहना के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को गुरुग्राम रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, टेंपो में सवार ज्यादातर महिलाएं दिहाड़ी मजदूर हैं। वे रविवार सुबह सोहना-गुरुग्राम मार्ग स्थित सेंट्रल पार्क में काम करने जा रही थीं।
इसी दौरान ‘एल्डेको सोसाइटी’ के पास एक तेज रफ्तार कार ने उनके टेंपो को टक्कर मार दी। इसने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने कहा कि कार को जब्त कर लिया गया है, जबकि उसका चालक मौके से फरार हो गया।
अधिकारियों ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है।
अन्य न्यूज़













