Madhya Pradesh Exit polls को लेकर कांग्रेस में हलचल, कमलनाथ ने बताया BJP का षडयंत्र, सुरजेवाला की चेतावनी

Kamal Nath
ANI
अंकित सिंह । Dec 1 2023 6:03PM

कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता पूरी ताकत से मैदान में आ जाएं। भाजपा चुनाव हार चुकी है। कुछ एग्जिट पोल जानबूझकर इसलिए बनाए गए हैं कि कांग्रेस कार्यकर्ता निराश हों और झूठा माहौल दिखाकर अधिकारियों पर दबाव बनाया जाए।

मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को 230 सीटों पर हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे। लेकिन उसे पहले एग्जिट पोल आ चुके हैं। ज्यादातर एग्जिट पोल में मध्य प्रदेश में एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनती हुई दिखाई दे रही है। हालांकि कांग्रेस का दावा है कि राज्य में उसी के सरकार बनेगी। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने एग्जिट पोल को ही साजिश बता दिया और अपने कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने को भी कह दिया। दूसरी और एमपी कांग्रेस प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने अफसरों को भी चेतावनी दे दी है। 

इसे भी पढ़ें: Prajatantra: MP में BJP के लिए काम कर गया मोदी फैक्टर, शाह की रणनीति और शिवराज की लाडली बहना?

कमलनाथ का बयान

कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता पूरी ताकत से मैदान में आ जाएं। भाजपा चुनाव हार चुकी है। कुछ एग्जिट पोल जानबूझकर इसलिए बनाए गए हैं कि कांग्रेस कार्यकर्ता निराश हों और झूठा माहौल दिखाकर अधिकारियों पर दबाव बनाया जाए। उन्होंने कहा कि यह षड्यंत्र कामयाब होने वाला नहीं है। कांग्रेस के सभी पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, मोर्चा संगठनों के प्रमुख और प्रकोष्ठ के पदाधिकारी अपने-अपने काम में जुट जाएं और निष्पक्ष मतगणना कराएं। हम सब जीत के लिए तैयार हैं। हम सब एकजुट हैं। आपको कोई भी समस्या लगती है तो आप सीधे मुझसे बात करें। 3 दिसंबर को कांग्रेस पार्टी की सरकार बन रही है।

सुरजेवाला की चेतावनी

सुरजेवाला ने कहा कि मध्यप्रदेश में ज्यादातर सर्वे एजेंसियां कांग्रेस की प्रचंड बहुमत की जीत दिखा रही हैं, मगर भाजपा सिर्फ उस सर्वे पर भरोसा कर रही है जिस पर खुद सर्वे दिखाने वाला चैनल भरोसा नहीं कर रहा हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि भाजपा मतगणना वाले दिन प्रशासन पर दबाव बनाने की बदनीयती रखती है। जिसका उदाहरण हमें बालाघाट की पोस्टल बैलेट में गड़बड़ी करने की कोशिश से साफ़ नज़र आता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मध्यप्रदेश में प्रचंड बहुमत से चुनाव जीत गई है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि वह अधिकारी भी जान लें जो बदनीयती से चुनाव परिणाम को प्रभावित करने की सोच रहे हैं। क़ानून के हाथ बहुत लंबे हैं। क़ानून तोड़ने वालों के ख़िलाफ़ कांग्रेस की अगली सरकार FIR भी दर्ज करेगी और प्रशासनिक कार्यवाही भी।

इसे भी पढ़ें: पांच राज्यों के चुनाव में सब पर भारी पड़ी है कांग्रेस, परिणाम के बाद देश में बढ़ेगा राहुल गांधी का कद

क्या कह रहे हैं एग्जिट पोल

पोल ऑफ पोल्स ने अनुमान लगाया है कि भाजपा राज्य की 230 सीटों में से 124 सीटें जीतेगी जबकि कांग्रेस 102 सीटों पर विजयी होगी। राज्य में बहुमत का आंकड़ा 116 है। न्यूज 24-टुडेज चाणक्य ने राज्य में भाजपा के लिए स्पष्ट, आरामदायक जीत की भविष्यवाणी की है। सत्ताधारी पार्टी के लिए एग्जिट पोल का पूर्वानुमान 151 है, जबकि कांग्रेस के 74 पर सिमटने का अनुमान है, जो बहुमत के आंकड़े से 40 से अधिक सीटें कम है। इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया ने कहा है कि भाजपा को कांग्रेस के 68-90 के मुकाबले 140-162 सीटें मिलने की उम्मीद है। इंडिया टीवी- सीएनएक्स ने भी बीजेपी की जीत की भविष्यवाणी की है, जिसमें अनुमान लगाया गया है कि पार्टी 140-159 सीटें जीतेगी, जबकि कांग्रेस 70 से 89 के बीच सीमित रहेगी। हालाँकि, टीवी 9 भारतवर्ष-पोलस्ट्रैट की भविष्यवाणियाँ कांग्रेस के पक्ष में हैं, जिसमें पार्टी को 111 से 121 सीटों के बीच जीतने और भाजपा को 106-116 तक सीमित रहने का अनुमान लगाया गया है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़