स्वास्थ्य लाभ के बाद पहली बार लोकसभा पहुंचीं सुषमा

[email protected] । Mar 15 2017 2:12PM

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज पिछले दिनों स्वास्थ्य लाभ करने के बाद आज पहली बार लोकसभा में पहुंचीं जहां पूरे सदन ने उनका स्वागत और अभिनंदन किया।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज पिछले दिनों स्वास्थ्य लाभ करने के बाद आज पहली बार लोकसभा में पहुंचीं जहां पूरे सदन ने उनका स्वागत और अभिनंदन किया। सुषमा ने अपने स्वस्थ होने के लिए सभी सदस्यों की शुभकामानाओं और भगवान कृष्ण की कृपा का आभार व्यक्त किया। सुषमा स्वराज की पिछले साल दिसंबर में दिल्ली स्थित एम्स में गुर्दा प्रतिरोपण किया गया था और उसके बाद से वह स्वास्थ्य लाभ कर रही थीं। स्वास्थ्य लाभ करने के बाद वह आज पहली बार सदन में पहुंचीं।

सुबह 12 बजे प्रश्नकाल समाप्त होने के कुछ ही क्षण बाद जब सुषमा ने केंद्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती के साथ सदन में प्रवेश किया तो कई सदस्यों ने मेजें थपथपाकर उनका स्वागत किया। उस समय आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखे जा रहे थे। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि सुषमा जी आज सदन में आई हैं, हम सभी उनका स्वागत, अभिनंदन करते हैं। सदन में सत्तापक्ष समेत सभी दलों के सदस्यों ने मेजें थपथपाकर विदेश मंत्री का स्वागत किया।

इसी बीच कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सुषमा के पास जाकर उनका हालचाल पूछा। सिंधिया को कुछ सैकंड तक सुषमा के पास बैठकर उनसे बातचीत करते हुए देखा गया। केंद्रीय मंत्री सदानंद गौड़ा ने भी सुषमा के पास जाकर उनका हालचाल पूछा। सदन में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने सुषमा के सदन में आने पर उनका स्वागत करते हुए कहा कि हम यह कामना करते हैं कि विदेश मंत्री दीर्घायु हों और मजबूती से देश की सेवा करती रहें।

सुषमा ने सभी सदस्यों का आभार जताते हुए कहा, ‘‘आपकी शुभकामनाओं और मेरे कृष्ण की कृपा का परिणाम है कि मैं इतनी अस्वस्थता के बाद सदन में आई हूं।’’ इसके बाद उन्होंने अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों पर हमलों की घटनाओं पर बयान भी दिया।

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

    All the updates here:

    अन्य न्यूज़