Asish Banerjee के परिवार से CM Suvendu Adhikari ने की बात, कहा- सच सामने लाएगी BJP सरकार

पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी का शव बीरभूम के टीएमसी कार्यालय में फंदे से लटका मिला, जहां से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उनके निधन पर शोक जताया और टीएमसी के कुछ लोगों द्वारा उन्हें धमकाने की आशंका जताते हुए पुलिस को निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आशीष बनर्जी के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने बनर्जी के परिवार से फोन पर बात की और दुख जताया। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि आशीष बनर्जी एक बहुत ही सज्जन और अच्छे नेता थे। उनके अपने इलाके के बीजेपी कार्यकर्ताओं और आम लोगों के साथ भी हमेशा अच्छे रिश्ते रहे। उन्होंने कहा कि उनके खुद के भी आशीष बनर्जी के साथ बहुत गहरे और अच्छे संबंध थे।
धमकियों और कॉल रिकॉर्ड की होगी जांच
मुख्यमंत्री ने अंदेशा जताया कि टीएमसी के कुछ भ्रष्ट लोग आशीष बनर्जी को डराने-धमकाने में लगे थे, ताकि किसी जांच में उनका नाम सामने न आ जाए। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और इस बात का पता लगाया जाए कि क्या उन्हें किसी ने धमकी दी थी। उन्होंने पुलिस से उनके कॉल रिकॉर्ड्स भी चेक करने को कहा है। इसे भी पढ़ें: Asish Banerjee की मौत पर भड़के Abhishek Banerjee, मीडिया ट्रायल पर जताई कड़ी आपत्ति
परिवार को पुलिस के साथ सहयोग करने की सलाह
शुभेंदु अधिकारी ने उनके परिवार से पुलिस जांच में मदद करने को कहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बीजेपी सरकार इस मामले की तह तक जाएगी और सच सामने लाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वे जल्द ही आशीष बनर्जी के परिवार से मिलने उनके घर भी जाएंगे। इसे भी पढ़ें: राजनीति में आना... TMC के Asish Banerjee ने सुसाइड नोट में लिखे हैरान करने वाले सच
टीएमसी दफ्तर में मिला पूर्व उप स्पीकर का शव
पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर और टीएमसी के पूर्व विधायक आशीष बनर्जी का शव रविवार सुबह बीरभूम जिले के रामपुरहाट में टीएमसी ऑफिस में फांसी के फंदे से लटका मिला। 74 साल के आशीष बनर्जी इस इलाके से पांच बार विधायक रह चुके थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उन्होंने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया और राजनीति में आने पर अफसोस जताया है।
अन्य न्यूज़














