उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय का संचालन शुरू, लोकपाल की नियुक्ति और छात्रों को मिलेगा बीमा कवर

Prabhasakshi Image

शाहजहांपुर के नवनिर्मित स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय ने अपना कामकाज शुरू कर दिया है, जहां पारदर्शिता के लिए लोकपाल की नियुक्ति की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों को सस्ती शिक्षा के साथ स्वास्थ्य और दुर्घटना बीमा कवर देने की भी घोषणा की है।

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में नवनिर्मित स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय ने अपना कामकाज शुरू कर दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कामकाज में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए शुरुआती चरण में ही लोकपाल की नियुक्ति कर दी है। इसके साथ ही, संस्थान ने विद्यार्थियों के हित में एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया है कि प्रवेश लेने वाले प्रत्येक छात्र को दुर्घटना बीमा के साथ-साथ स्वास्थ्य बीमा का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि जिले के 46 से अधिक महाविद्यालयों को स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रोफेसर ए.के. सरकार को लोकपाल नियुक्त किया गया है, जो विश्वविद्यालय और इससे जुड़े सभी कॉलेजों में शिक्षण कार्य, शुल्क और अन्य शिकायतों का निपटारा करेंगे। कुलपति ने स्पष्ट किया कि उनका स्वयं का पद भी लोकपाल के अधिकार क्षेत्र में होगा और किसी भी शिकायत पर लोकपाल उनकी जांच कर सकेंगे।

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, मुमुक्षु आश्रम परिसर में संचालित विभिन्न शिक्षण संस्थानों को मिलाकर इस विश्वविद्यालय का गठन किया गया है, जिसे गत 8 मई को विश्वविद्यालय का दर्जा प्राप्त हुआ था। वर्तमान में कुलपति के अलावा रजिस्ट्रार और वित्त अधिकारी की नियुक्तियां भी हो चुकी हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सामाजिक सरोकार को ध्यान में रखते हुए सामान्य पाठ्यक्रमों की फीस अन्य विश्वविद्यालयों की तुलना में करीब 40 प्रतिशत और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की फीस लगभग 20 प्रतिशत कम रखी है।

विद्यार्थियों को मिलने वाले बीमा कवर के बारे में कुलपति ने बताया कि इसमें चिकित्सा सुविधा के साथ-साथ किसी अनहोनी की स्थिति में आर्थिक सहायता का प्रावधान होगा। इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय जल्द ही इंजीनियरिंग, प्रबंधन, कृषि और स्वास्थ्य विज्ञान सहित आठ परास्नातक व्यावसायिक पाठ्यक्रम और विदेशी भाषाएं सिखाने की शुरुआत भी करेगा। विश्वविद्यालय ने आसपास के दो गांवों को गोद लेकर वहां की शिक्षा व्यवस्था सुधारने और बच्चों को अतिरिक्त समय में शिक्षा देने का भी संकल्प लिया है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़