Thane में 68 निवेशकों से ₹7.09 करोड़ की ठगी, छह Company Directors पर केस

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

महाराष्ट्र के ठाणे में अधिक मुनाफे का झांसा देकर 68 लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में निजी निवेश कंपनी के छह निदेशकों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार यह ठगी कई वर्षों तक मुखौटा कंपनियों के नेटवर्क के जरिये की गई। पीड़ितों में मुंबई का एक वड़ा पाव विक्रेता भी शामिल है, जिससे अतिरिक्त मुनाफे के नाम पर लाखों रुपये ऐंठ लिए गए।

ठाणे, आठ सितंबर महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक निजी निवेश कंपनी के छह निदेशकों के खिलाफ अधिक मुनाफे का वादा कर 68 निवेशकों से 7.09 करोड़ रुपये की ठगी करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह धोखाधड़ी कई वर्षों तक कई मुखौटा कंपनियों के जरिये की गई।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई के मलाड का एक वड़ा पाव विक्रेता 2018 में बीमा पॉलिसी खरीदना चाहता था। इसी दौरान एक परिचित ने उसकी मुलाकात आरोपियों में से एक से कराई, जो उस समय शेयर ब्रोकिंग’ की एक कंपनी चलाता था। अधिकारी ने बताया कि उस व्यक्ति ने शुरुआत में 5,000 रुपये जमा किए और बाद में आरोपी की कंपनी में तीन लाख रुपये निवेश किए।

उसे हर महीने पांच प्रतिशत मुनाफा देने का वादा किया गया था। इसी तरह के वादे पर कई अन्य लोगों ने भी कंपनी में पैसा निवेश किया। अधिकारी के अनुसार, जब पीड़ित ब्याज की रकम लेने मुंबई के कांदिवली स्थित कंपनी के कार्यालय पहुंचे तो कर्मचारियों ने भुगतान में 45 दिन की देरी की और उन पर हलफनामों पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया।

इन हलफनामों में निवेश की गई रकम को आरोपी को दिया गया निजी कर्ज बताया गया था। इसके बाद कंपनी की यह शाखा बंद कर दी गई। पुलिस के अनुसार, इसके बाद निवेशकों को मुंबई के भांडुप इलाके में स्थित कंपनी के मुख्य कार्यालय भेजा गया, जहां उन्हें ‘कैंसल्ड चेक’ और ऑनलाइन निकासी की रसीदें दी गईं।

बाद में उन्हें एक ईमेल मिला जिसमें बताया गया कि कंपनी का संचालन छह महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है। भांडुप पुलिस ने शेयर ब्रोकिंग कंपनी चलाने वाले आरोपी को निवेश धोखाधड़ी के मामले में मई 2023 में गिरफ्तार किया था। हालांकि, बाद में उसे जमानत मिल गई।

इसके बाद उसने एक वीडियो संदेश जारी कर नयी कॉरपोरेट पहल की घोषणा की। अधिकारी ने बताया कि विक्रेता ने ठाणे के डोंबिवली में आरोपी से मुलाकात की। आरोपी ने उसे भरोसा दिलाया कि उसकी 5.37 लाख रुपये की फंसी रकम वापस पाने के लिए उसे 22 महीने की मुनाफा योजना के तहत 80,550 रुपये और देने होंगे।

विक्रेता ने यह रकम दे दी, लेकिन उसे वादे के मुताबिक भुगतान नहीं मिला। पुलिस ने बताया कि विक्रेता और अन्य पीड़ितों ने रविवार को रामनगर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जिसके मुताबिक 68 लोगों से कुल 7.09 करोड़ रुपये की ठगी की गई। प्रत्येक व्यक्ति से 14 लाख रुपये से लेकर 84 लाख रुपये तक की रकम ठगी गई।

पुलिस ने संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़