Congress इस बार ‘अब की बार, 40 पार’ के लिए लड़ रही है : Anurag Thakur

Anurag Thakur
ANI

ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के नेता दल बदल रहे हैं क्योंकि उसने राम सेतु को काल्पनिक बताया, भगवान राम के जन्मस्थान पर सवाल उठाया और राम मंदिर का विरोध किया और यह सब पार्टी के खिलाफ जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को दावा किया कि कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव में ‘‘अब की बार, 40 पार’’ के लिए लड़ रही है जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 400 से अधिक सीट जीतने का लक्ष्य लेकर चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने 2014 से पहले देश को खाली खजाने के साथ बुरी हालत में छोड़ा था। ठाकुर ने मध्य प्रदेश के पांढुर्ना जिले के दौरे में आम आदमी पार्टी (आप) को सबसे बेईमान पार्टी करार दिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भ्रष्टाचार में डूबे होने का आरोप लगाया।

उन्होंने छिंदवाड़ा के सांसद नकुल नाथ की भी आलोचना और कहा कहा कि वह 12 दिन काम करते हैं और पांच साल का आनंद लेते हैं। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में वह या तो ‘‘हिट विकेट हो जाएंगे या मतदाताओं द्वारा क्लीन बोल्ड’’ कर दिए जाएंगे। ठाकुर ने पांढुर्ना में नए मतदाताओं की सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने 2014 के बाद से पिछले दशक में नए भारत की मजबूत नींव रखी है। उन्होंने कहा, कांग्रेस को खाली खजाने के साथ देश छोड़कर गए 10 साल बीत चुके हैं। उन्होंने तुष्टीकरण की राजनीति की।

ठाकुर ने कहा, ‘‘ (सत्ता में आने के बाद) प्रधानमंत्री मोदी ने कड़ी मेहनत की और देश को इस स्थिति में पहुंचाया। नये और सशक्त भारत की नींव रखी जा चुकी है। विकसित भारत की इमारत अभी बाकी है।’’ उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार की नीतियों की बदौलत भारत स्टार्टअप के लिए दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा पारिस्थितिकी तंत्र बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि पिछले दशक में खेलों का बजट भी 800 करोड़ रुपये से बढ़कर 3,300 करोड़ रुपये हो गया।

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और खेल मंत्री ने कहा, जब कांग्रेस 10 साल (2004-14) तक सत्ता में थी, तब 682 करोड़ रुपये का खेल बुनियादी ढांचा विकसित किया गया था लेकिन मोदी सरकार ने दस साल में 3,500 करोड़ रुपये का खेल बुनियादी ढांचा विकसित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 60 साल के शासन में देश में केवल 74 हवाई अड्डे थे, लेकिन पिछले 10 वर्ष के दौरान ही इतनी ही संख्या में नए हवाई अड्डे विकसित किए गए।

ठाकुर ने कहा, ‘‘2014 में 3.20 लाख किलोमीटर ग्रामीण सड़कें थीं, लेकिन मोदी सरकार ने 2014 के बाद से 3.75 लाख किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का निर्माण किया। इसी तरह, 2014 में राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क 96,000 किलोमीटर था, लेकिन भाजपा सरकार ने पिछले दशक में 54,000 किलोमीटर नए राष्ट्रीय राजमार्ग बनाए।’’ केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2014 में मेट्रो सुविधाओं वाले शहरों की संख्या केवल पांच से बढ़कर 20 हो गई और इसी तरह मेडिकल कॉलेज की संख्या भी 384 से बढ़कर 706 हो गई, जबकि एमबीबीएस सीट की संख्या 51,000 से बढ़कर 1.01 लाख हो गई।

ठाकुर ने कहा कि भारत अब दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, जो 2014 में दसवें स्थान पर थी। ठाकुर ने आरोप लगाया कि स्थानीय सांसद के कारण छिंदवाड़ा विकास में पिछड़ गया है। कांग्रेस के दिग्गज नेता कमल नाथ के बेटे नकुल नाथ छिंदवाड़ा से लोकसभा में दूसरे कार्यकाल के लिए प्रयास कर रहे हैं, जहां 19 अप्रैल को मतदान होगा। पांढुर्ना जिला इसी लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है।

मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीट के लिए 19 अप्रैल से 13 मई के बीच चार चरणों में मतदान होगा और मतों की गिनती चार जून को होगी। छिंदवाड़ा में पहले चरण में मतदान होगा। ठाकुर ने इससे पहले दिन में पत्रकारों से बात करते हुए ‘आप’ को सबसे बेईमान राजनीतिक दल करार दिया।

‘आप’ के इस आरोप के बारे में पूछे जाने पर कि भाजपा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का दुरुपयोग कर रही है, केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘अगर कोई पूरी तरह से बेईमान व्यक्ति है तो वह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हैं। सच तो यह है कि ‘आप’ सबसे बेईमान राजनीतिक पार्टी है। यह झूठ बोलने में सबसे आगे है।’’ उन्होंने कहा,‘‘केजरीवाल भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए राजनीति में आये थे; लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि वह भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। उनके स्वास्थ्य मंत्री, जेल मंत्री, आबकारी मंत्री और उपमुख्यमंत्री जेल में हैं।’’

यह पूछे जाने पर कि भाजपा छिंदवाड़ा में कमलनाथ के प्रभुत्व को खत्म करने की योजना कैसे बना रही है, ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने 60 साल तक देश पर शासन किया लेकिन अब उसके पास नेता खत्म हो गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ‘‘अबकी बार, 400 पार’’ के लिए लड़ रही है और कांग्रेस ‘‘अब की बार, 40 पार’’ के लिए लड़ रही है। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के नेता दल बदल रहे हैं क्योंकि उसने राम सेतु को काल्पनिक बताया, भगवान राम के जन्मस्थान पर सवाल उठाया और राम मंदिर का विरोध किया और यह सब पार्टी के खिलाफ जा रहा है।

उन्होंने कहा, कांग्रेस नेता भी बाहर जा रहे हैं क्योंकि वह भारत के विकास पथ का विरोध कर रही है और उसने विदेशी ताकतों से हाथ मिला लिया है। केंद्रीय मंत्री ने नकुलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा, नकुलनाथ ‘हिट विकेट’ होंगे या जनता उन्हें ‘क्लीन बोल्ड’ कर देगी। वह कहते हैं कि वह 12 दिन काम करते हैं और पांच साल मौज करते हैं।’’ ठाकुर ने कहा कि पांढुर्ना जिले के विकास को गति देने के लिए 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 24 घंटे में इसे छिंदवाड़ा से अलग कर दिया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़