Gujarat के Girnar पहाड़ियों में बच्चे पर हमला करने वाले शेरों को Sakkarbaug Zoo भेजा गया

Gujarat के Girnar पहाड़ियों में बच्चे पर हमला करने वाले शेरों को Sakkarbaug Zoo भेजा गया
प्रतिरूप फोटो

गुजरात के जूनागढ़ जिले में गिरनार पहाड़ियों पर 11 जुलाई को 11 साल के बच्चे पर हमला करने वाले तीन शेरों को शक्करबाग चिड़ियाघर में स्थानांतरित कर दिया गया है। फॉरेंसिक जांच में पुष्टि हुई है कि इनमें से दो शेरों ने मृतक बच्चे के अवशेष खाए थे। तीनों शेरों को चिड़ियाघर के बाड़े में रखा गया है और उनके भविष्य पर अंतिम फैसला उच्च अधिकारी लेंगे।

गुजरात के जूनागढ़ जिले की गिरनार पहाड़ियों पर इस महीने की शुरुआत में 11 साल के एक बच्चे पर हमला करने वाले तीन शेरों को शक्करबाग चिड़ियाघर में स्थानांतरित कर दिया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि फॉरेंसिक जांच में पुष्टि हुई है कि इनमें से दो शेरों ने मृतक बच्चे के अवशेष खाए थे, जबकि तीसरे शेर के व्यवहार पर लगातार नजर रखी जा रही है।

जूनागढ़ के उप वन संरक्षक (डीसीएफ) अक्षय जोशी ने बताया कि शेरों ने मयूर चौहान नाम के बच्चे पर 11 जुलाई को तड़के उस समय हमला कर दिया था, जब वह अपने परिवार के साथ गिरनार की पहाड़ी पर चढ़ाई कर रहा था। हमले के बाद तीनों शेर को पकड़ लिया गया था। जोशी ने कहा, “जांच रिपोर्ट के अनुसार पकड़े गए तीन शेरों में से दो ने बच्चे के अवशेष खाए थे।

तीनों शेरों को शक्करबाग चिड़ियाघर में बाड़े में रखा गया है। वे चिड़ियाघर में ही रहेंगे। उनके भविष्य के बारे में अंतिम फैसला उच्च अधिकारी लेंगे।” जोशी के मुताबिक, अधिकारी तीसरे शेर के व्यवहार पर नजर रख रहे हैं।

इस बीच, वन अधिकारियों ने इलाके में नये शेरों की मौजूदगी दर्ज की है और गिरनार आने वाले श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की सलाह दी है। वन विभाग ने यात्रियों को आगाह किया है कि वे शेरों को न छेड़ें और न ही उन्हें उकसाएं। लोगों से हमेशा समूह में यात्रा करने और शेर दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करने की अपील की गई है।

जोशी ने पुष्टि की कि हाल में गिरनार की नयी सीढ़ियों के पास तीन नर शेरों का एक और झुंड देखा गया है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़