Udhayanidhi Stalin 49 वर्ष के हुए, पिता MK Stalin ने दी वैचारिक छलांग लगाने की सीख

द्रविड़ मुनेत्र कषगम के युवा नेता उदयनिधि स्टालिन ने 49वें जन्मदिन पर चेन्नई में पिता एमके स्टालिन से मिलकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने पेरियार की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और पार्टी संस्थापकों के स्मारकों के देखभाल कर्मियों को सहायता दी। मुख्यमंत्री स्टालिन ने उन्हें तमिल समाज के भविष्य की रक्षा करने और विचारधारा की जीत के लिए जुटने का संदेश दिया।
द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नेता और तमिलनाडु विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन शुक्रवार को 49 साल के हो गए। द्रमुक युवा शाखा के सचिव ने पार्टी अध्यक्ष और पिता एम. के. स्टालिन से उनके आवास पर मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। उदयनिधि ने इस अवसर वेपेरी में सुधारवादी नेता और द्रमुक के वैचारिक प्रेरणा-स्रोत ई.वी. रामासामी पेरियार की प्रतिमा पर माल्यर्पण किया और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच मिठाइयां बांटीं।
उन्होंने इसके अलावा पार्टी के संस्थापक सी.एन. अन्नादुरई और और पूर्व मुख्यमंत्री एवं दादा एम. करुणानिधि के स्मारकों की देखभाल करने वाले कर्मियों के कल्याण हेतु सहायता प्रदान की। एमके स्टालिन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बेटे को बधाई देते हुए कहा कि समय ने उन्हें विचारों से समृद्ध तमिल समाज के भविष्य की रक्षा करने की जिम्मेदारी सौंपी है, ताकि उसे ‘दृष्टि भ्रम’ के चलते भटकने से बचाया जा सके। द्रमुक अध्यक्ष ने कहा, ‘‘युवा शाखा को मैंने पार्टी की जीवन-शक्ति के रूप में संवारा है और उसके वैचारिक कार्यों में अब केवल गति की नहीं, बल्कि एक बड़ी छलांग की आवश्यकता है।
आपके काम से ही आपकी पहचान बननी चाहिए! कड़ी मेहनत से आगे बढ़ें, आदर्शों के रास्ते पर चलें, और विचारधारा की जीत में ही अपने जीवन की सफलता पाएं।’’
अन्य न्यूज़














