UP Politics: इमरान मसूद की हुई घर वापसी, बोले- अब कब्र में जाने तक कांग्रेस में रहूंगा

imran masood joins congressz
ANI
अंकित सिंह । Oct 7 2023 6:20PM

पार्टी में वापसी पर मसूद ने इसे गर्व की बात बताया। अब जो भी आगामी कार्यक्रम होंगे वह पार्टी की नीति के अनुसार होंगे। जल्द से जल्द सहारनपुर में पार्टी के बैनर तले एक बड़ी रैली आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा।

पूर्व विधायक इमरान मसूद शनिवार को दिल्ली स्थित मुख्यालय में कांग्रेस पार्टी में दोबारा शामिल हो गए और कहा कि जल्द ही सहारनपुर में पार्टी की एक बड़ी जनसभा बुलाई जाएगी। इस मौके पर पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल और यूपी के अध्यक्ष अजय राय मौजूद थे। वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला मसूद का कांग्रेस में स्वागत करते हुए कहा कि यह उनकी घर वापसी है। मीडियाकर्मियों से बात करते हुए, मसूद ने कहा कि वह कांग्रेस के सिपाही थे, लेकिन लगभग डेढ़ साल तक पार्टी से दूर रहे, लेकिन अब घर लौट आए हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सराहना करते हुए कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद देश में बदलाव का युग शुरू हुआ है। यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए टिकट मिलने की उम्मीद है, उन्होंने कहा कि यह फैसला पार्टी करेगी। 

इसे भी पढ़ें: Mizoram Election 2023: लगातार दूसरी बार CM बनने के लिए MNF के जोरमथांगा बेकरार, कांग्रेस बन सकती है राह का रोड़ा

पार्टी में वापसी पर मसूद ने इसे गर्व की बात बताया। अब जो भी आगामी कार्यक्रम होंगे वह पार्टी की नीति के अनुसार होंगे। जल्द से जल्द सहारनपुर में पार्टी के बैनर तले एक बड़ी रैली आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह अब कब्र में जाने तक कांग्रेस में बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छोड़ने को लेकर वह शर्मिंदा हैं और प्रियंका गांधी वाद्रा से मुलाकात होने पर उनसे माफ़ी मांगेंगे क्योंकि उन्होंने कांग्रेस महासचिव का विश्वास तोड़ा था। इमरान मसूद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख मुस्लिम नेताओं में शुमार हैं। मसूद करीब दो साल पहले तक कांग्रेस में थे, लेकिन किन्हीं कारणों से कांग्रेस छोड़कर सपा में शामिल हो गये। हालांकि, वह ज्यादा समय तक सपा में नहीं रहे और फिर बसपा में शामिल हो गए। 

इसे भी पढ़ें: Chhattisgarh Election 2023: बीजेपी ने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को हराने के लिए बनाया मास्टरप्लान, जानिए कैसे सत्ता तक पहुंचेगी पार्टी

करीब डेढ़ महीने पहले राहुल गांधी की तारीफ करने पर बीएसपी ने उन्हें पार्टी से निकाल दिया था। इसके बाद भी अटकलें चलती रहीं कि मसूद किस पार्टी में शामिल होंगे। तीन दिन पहले उन्होंने ऐलान किया था कि वह 7 अक्टूबर को कांग्रेस में शामिल होंगे। मसूद द्वारा वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री पद के लिए भारतीय जनता पार्टी के तत्कालीन उम्मीदवार (अब प्रधानमंत्री) नरेन्द्र मोदी के बारे में विवादित टिप्पणी किये जाने के बारे में पूछे जाने पर पवन खेड़ा ने कहा, ‘‘जुबान फिसलने के कारण लोगों को बदनाम कर दिया जाता है, लेकिन देश उन लोगों से त्रस्त है जो सत्ता में बैठे हुए हैं और उनकी नीयत फिसली हुई है।’’ \

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़