उत्तर प्रदेश में मंत्री और उनके भतीजे के समर्थक भिड़े

[email protected] । Oct 22 2016 1:23PM

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में वन मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव और उनके भतीजे के समर्थक शुक्रवार देर रात दावत के दौरान आपस में भिड़ गये। इस दौरान दोनों पक्षों में दर्जनों राउंड फायरिंग हुई।

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में वन मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव और उनके भतीजे के समर्थक शुक्रवार देर रात दावत के दौरान आपस में भिड़ गये। इस दौरान दोनों पक्षों में दर्जनों राउंड फायरिंग हुई। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि आजमगढ़ शहर से सटे उकरौरा गांव में कल मेला लगा था। वन मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव के समर्थक रंजीत सिंह और मंत्री के भतीजे पूर्व ब्लाक प्रमुख प्रमोद यादव के समर्थक बृजेश सिंह ने अलग-अलग भंडारे का आयोजन किया था। मंत्री के पुत्र पूर्व ब्लाक प्रमुख विजय यादव और भतीजे प्रमोद यादव अपने अपने पक्ष द्वारा आयोजित भंडारे में समर्थकों के साथ शामिल थे।

उन्होंने बताया कि देर रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ और एक पक्ष ने हवाई फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद दूसरे पक्ष से भी हवाई फायरिंग शुरू हो गयी। इस दौरान दोनों पक्षों में पथराव हुआ जिसमें पांच लोग घायल हो गये। घटना की जानकारी होने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गये। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो पुलिस के पहुंचने के बाद मंत्री समर्थक मौके पर चले गये। वहीं पुलिस ने प्रमोद यादव, उकरौरा गांव के प्रधान बृजेश सिंह सहित नौ लोगों को हिरासत में ले लिया। पीछे से प्रमोद के सैंकड़ों समर्थक कोतवाली पहुंच गये। उन्होंने कोतवाली के सामने मंत्री और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया।

प्रमोद के समर्थकों का आरोप था कि मंत्री के दबाव में पुलिस एकतरफा कार्रवाई कर रही है। दबाव की वजह से मंत्री पक्ष के लोगों को हिरासत में नहीं लिया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्रथम दृष्टया यह पता चला कि दोनों पक्षों ने हवा में गोलियां चलायी हैं। इसकी जांच की जा रही है। वहीं, लखनऊ से अपने घर वापस लौटे वन मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव भी देर रात जिला अस्पताल में घायलों को देखने पहुंचे। इस दौरान उन्होने कहा कि अभी उन्हे केवल घटना की जानकारी हुई है। वे रास्ते में थे वहीं से जिला चिकित्सालय पहुंचे हैं लेकिन जो कुछ भी हुआ है वह ठीक नहीं है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़