Vande Bharat Express ने 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पार किए Chenab और Anji पुल

Vande Bharat Express ने 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पार किए Chenab और Anji पुल
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

उत्तर रेलवे ने श्री माता वैष्णो देवी कटरा-बनिहाल रेल खंड पर सफल गति परीक्षण पूरा कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक इस 111 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर अधिकतम अनुमत गति सीमा बढ़ाकर अब 100 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। रेल मंत्रालय ने अगस्त में निर्धारित सभी सुरक्षा शर्तें पूरी होने के बाद इस नई गति सीमा को अपनी मंजूरी दी थी।

जम्मू, दो अक्टूबर चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल और अंजी में भारत के पहले केबल रेलवे पुल को वंदे भारत एक्सप्रेस ने शुक्रवार को 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही 111 किलोमीटर लंबे कटरा-बनिहाल बड़ी लाइन रेल खंड पर अधिकतम अनुमत गति सीमा बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है।

उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल के अंतर्गत आने वाले श्री माता वैष्णो देवी कटरा-बनिहाल खंड पर गति बढ़ाने का सफल परीक्षण बृहस्पतिवार को किया गया। अधिकारियों के अनुसार, यह महत्वाकांक्षी उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) परियोजना के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया, ‘‘111 किलोमीटर लंबे श्री माता वैष्णो देवी कटरा-बनिहाल खंड पर अधिकतम अनुमत गति 75 किलोमीटर प्रति घंटे से बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है।’’ उन्होंने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 26401/26404) ने दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब पुल और भारत के पहले केबल अंजी पुल दोनों को 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पार कर नया रिकॉर्ड बनाया।

अधिकारियों ने बताया कि रेलवे द्वारा इस वर्ष अगस्त में निर्धारित सभी सुरक्षा शर्तें पूरी किए जाने के बाद रेल मंत्रालय ने अधिकतम अनुमत गति 100 किलोमीटर प्रति घंटा करने को मंजूरी दी थी। इससे पहले, श्री माता वैष्णो देवी कटरा-संगलदान खंड पर ट्रेनों को अधिकतम 85 किलोमीटर प्रति घंटे और संगलदान-बनिहाल खंड पर 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाने की अनुमति थी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़