वाराणसी के एक स्कूल में बच्चे के पैंट में पेशाब करने पर शिक्षिका ने गर्म चाकू से जलाया, मुकदमा दर्ज

वाराणसी के पांडेपुर में एक निजी स्कूल में पांच साल के बच्चे के पैंट में पेशाब करने से नाराज शिक्षिका ने कथित तौर पर उसके निजी अंग को गर्म चाकू से जला दिया। पीड़ित बच्चे के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी शिक्षिका, स्कूल प्रबंधन और प्रधानाचार्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वाराणसी (उप्र), 27 जुलाई वाराणसी के पांडेपुर में एक निजी स्कूल मेंपांच साल के एक बच्चे के पैंट में पेशाब कर देने से नाराज एक शिक्षिका ने उसके “निजी अंग” को कथित तौर पर गर्म चाकू से जला दिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक शिक्षिका, स्कूल प्रबंधन और प्रधानाचार्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
अधिवक्ता केसरी जायसवाल ने बताया कि एक ‘प्ले’ स्कूल में नर्सरी का छात्र उनका पांच वर्षीय बेटा सरीन 24 जुलाई को रोज की तरह स्कूल गया था एवं घर लौटने पर उसने अपने “निजी अंग” में दर्द की शिकायत की तथा जब मां ने जांच की तो छाले पड़े मिले। उन्होंने कहा कि पूछने पर बच्चों ने बताया कि बाथरूम जाने के लिए सरीन ने शिक्षिका प्रीति कुशवाहा से अनुमति मांगी थी, लेकिन मना कर दिया गया। जायसवाल के अनुसार इसके बाद बच्चे ने पैंट में ही पेशाब कर दिया, जिससे गुस्साई शिक्षिका उसे दूसरे कमरे में ले गई और वहां गैस चूल्हे पर चाकू गर्म कर बच्चे के ‘निजी अंग’ को जला दिया।
जायसवाल ने बताया कि 25 जुलाई को वह पत्नी और बच्चे के साथ स्कूल पहुंचे और प्रधानाचार्य एवं प्रबंधन से शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल पक्ष ने कार्रवाई करने के बजाय कहा कि जो करना है कर लीजिए। इसके बाद उन्होंने पुलिस को तहरीर दी।
लालपुर-पांडेयपुर थाने ने बताया कि तहरीर के आधार पर शिक्षिका प्रीति कुशवाहा, स्कूल प्रबंधन और प्रधानाचार्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 118(1) (चाकू, आग अन्य खतरनाक हथियार से चोट पहुंचाना) और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत मुकदमा दर्जकर मामले की जांच की जा रही है।
अन्य न्यूज़














