वसुंधरा का कांग्रेस पर हमला, कहा- गांधी परिवार के चार लोगों के हाथ में है पार्टी का रिमोट

vasundhara-s-attack-on-congress
भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री वी. सतीश ने कहा कि आज ही के दिन वर्ष 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना हुई थी। तब से लेकर अब तक पहले जनसंघ व अब भाजपा की ऐतिहासिक व गौरवमयी यात्रा जारी है।

जयपुर। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का रिमोट गाँधी परिवार के चार लोगों के हाथ में है जबकि भाजपा का रिमोट उसके कार्यकर्ताओं के हाथ में है। भाजपा जो भी कार्य करती है, वह कार्यकर्ताओं की सहमति से ही करती है। राजे ने कहा कि कांग्रेस घबराई हुई है, इसलिए राहुल गांधी को विधानसभा स्तर की बैठकें करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। 

राहुल पर वार

वसुंधरा ने कहा कि अच्छा है राहुल विधानसभा स्तर की ज्यादा से ज्यादा बैठकें करें क्योंकि वे जहां-जहां जाएंगे, वहां भाजपा और अधिक मजबूत होगी। जयपुर में रायशुमारी के दूसरे चरण के दूसरे दिन कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को सम्बोधित करते हुए राजे ने राहुल गाँधी का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गाँधी ने जहाँ-जहाँ भी सभाएं की हैं, वहाँ ‘‘कमल’’ ही खिलेगा।

कांग्रेस के 50 साल और भाजपा के वर्तमान पांच साल के कार्यों में जमीन और आसमान का अन्तर देखने को मिलेगा। राजे ने कहा कि भाजपा ने कम से कम राहुल गांधी को मंदिरों में जाना तो सीखा दिया। आज वो लोग मंदिर जाने लगे हैं जो हमारे मंदिर जाने पर सवाल उठाते थे। कहते थे, इनकी सरकार तो भगवान भरोसे चलती है। हां मुझे यह कहते हुए गर्व है कि मेरी सरकार भगवान के आशीर्वाद से ही चलती है।

गिनाए विकास कार्य

उन्होंने कहा कि भाजपा ने वर्तमान 5 वर्षों में जितने विकास कार्य किए हैं, कांग्रेस ने अपने 50 साल में अब तक नहीं किये। भाजपा के विकास कार्यों का आज के दौर में चहुँ ओर गुणगान हो रहा है। यही बात लेकर कार्यकर्ता जनता के मध्य जाएं। निम्न से लेकर उच्च वर्ग भी भाजपा की लोककल्याणकारी योजनाओं से बेहद खुश हैं। एक बार कांग्रेस-एक बार भाजपा की बात को नकारते हुए राजे ने कहा कि ‘‘मैं इन बातों पर विश्वास नहीं करती हूँ।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात में जिस तरह विकास हुआ है, ठीक उसी तरह राजस्थान में भी विकास हुआ है एवं इन विकास कार्यों के दम पर राजस्थान में भी लगातार भाजपा अपनी जीत का परचम फिर से लहराएगी।’’ 

यह भी पढ़ें:- राजस्थान में इस बार दो बार दिवाली मनेगी: सचिन पायलट

रायशुमारी कार्यक्रम में दूसरे दिन आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर 35 विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से एक सील बंद बाक्स में सुझाव लिए गए। भीलवाड़ा की 7, नागौर शहर की 5, नागौर देहात की 5, झुन्झुनूं की 7 एवं अलवर शहर की 11 विधानसभाओं से बुलाए गए अपेक्षित पदाधिकारियों से रायशुमारी की गई। 

औरों ने क्या कहा

इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार ने जो विकास कार्य किये हैं, इनके चलते हम पुनः सरकार बनायेंगे। हमारा सक्षम नेतृत्व और सक्रिय कार्यकर्ताओं के दम पर हम प्रदेश में पूरे 5 वर्ष जनता में सक्रिय रहे हैं। भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो कि कार्यकर्ताओं की रायशुमारी के साथ ही अपने उम्मीदवारों का चयन करती है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने कार्यकर्ताओं को चुनावी मूल मंत्र देते हुए कहा कि कार्यकर्ता अपनी ताकत पहचानें और आत्मविश्वास के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में जायें एवं एक नया इतिहास बनायें। उन्होंने कहा कि संप्रग सरकार में जो प्रधानमंत्री थे, उन्हें ढूंढना पड़ता था। आज हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 24 घंटे उपलब्ध रहते हैं और देश के लिए हर मोर्चे पर डटे रहते हैं। 

भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री वी. सतीश ने कहा कि आज ही के दिन वर्ष 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना हुई थी। तब से लेकर अब तक पहले जनसंघ व अब भाजपा की ऐतिहासिक व गौरवमयी यात्रा जारी है। इस अवसर पर केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर, केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, सी.आर. चौधरी, अर्जुनराम मेघवाल, सहित राजे मंत्रिमंडल के कई सदस्य उपस्थित थे।

Disclaimer:प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


अन्य न्यूज़