उज्जैन में विकास दुबे की गिरफ्तारी सुनियोजित रणनीति का हिस्सा: अखिलेश

Akhilesh

यादव ने आरोप लगाया कि कानपुर की घटना ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार का चोला भी उतार दिया है और मुखौटा भी। इस घटना ने पुलिस बल के खुफिया तंत्र की भी पोल खोल दी है। एक बड़ी नृशंस घटना के पहले और बाद में आरोपी को जिस तरह सहयोग मिला, वह जाहिर करता है कि व्यवस्था में कितनी सडांध पैदा हो गई है।

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया है कि कानपुर के बिकरू गांव में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोपी विकास दुबे की उज्जैन में जिस तरह गिरफ्तारी दिखाई गई है, वह निश्चित ही किसी सुनियोजित रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि चार राज्यों की सीमाएं पार कर, लॉकडाउन के समय की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताकर कुख्यात अपराधी छह दिनों तक पुलिस की आंखों में धूल झोंकता रहा इसके पीछे माफिया, पुलिस और सत्ता का गठजोड़ भी रहा होगा। इसलिए उसके मोबाइल की कॉल डिटेल रिपोर्ट (सी.डी.आर.) सार्वजनिक की जानी चाहिए ताकि सबकी मिलीभगत का भंडाफोड़ हो सके। यादव ने आरोप लगाया कि कानपुर की घटना ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार का चोला भी उतार दिया है और मुखौटा भी। इस घटना ने पुलिस बल के खुफिया तंत्र की भी पोल खोल दी है। एक बड़ी नृशंस घटना के पहले और बाद में आरोपी को जिस तरह सहयोग मिला, वह जाहिर करता है कि व्यवस्था में कितनी सडांध पैदा हो गई है। उन्होंने कहा कि बिकरू काण्ड के कातिल और उसके सहयोगियों की पिछले पांच वर्ष की सी.डी.आर. सरकार जारी कर देगी तो सच्चाई सामने आ जाएगी कि किस-किस नेता, अफसर से सम्पर्क थे। 

इसे भी पढ़ें: मारे गए DSP देवेंद्र मिश्रा के करीबी रिश्तेदार का दावा, विकास दुबे की गिरफ्तारी सुनियोजित आत्मसमर्पण है

उन्होंने सवाल किया कि किसके दबाव में पुलिस बिना तैयारी दबिश डालने रात में पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि कई बातें छुपाई जा रही हैं और उनका खुलासा होना चाहिए। यादव ने कहा कि जहां तक समाजवादी पार्टी का सम्बंध है उसका इस घटनाक्रम से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा, समाजवादी पार्टी को बदनाम करने के अभियान में लगी रहती है क्योंकि उसे मालूम है कि उत्तर प्रदेश में उसकी सत्ता को असल चुनौती समाजवादी पार्टी से ही मिलती है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़