नवनियुक्त आयुक्त हेमंत नागराले ने संभाला कार्यभार, बोले- हम मुंबई पुलिस की छवि सुधारेंगे

Hemant Nagrale

भारतीय पुलिस सेवा के 1987 बैच अधिकारी हेमंत नागराले ने कहा कि उनके अधिकारियों की कोशिश मुंबई पुलिस विभाग की छवि सुधारने की होगी।

मुंबई। मुंबई पुलिस के नवनियुक्त आयुक्त हेमंत नागराले ने बुधवार को कहा कि वह शहर की पुलिस की छवि सुधारने और ‘‘खोई विश्वसनीयता’’ बहाल करने के लिए कार्य करेंगे। नागराले ने बुधवार शाम मुंबई पुलिस आयुक्त का कार्यभार संभाला। इससे पहले दोपहर को मुंबई पुलिस आयुक्त रहे परमवीर सिंह का स्थानांतरण होमगार्ड में करने की घोषणा की गई थी। नया पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में नागराले ने कहा, ‘‘हम जानते हैं कि मुंबई पुलिस मुश्किल दौर से गुजर रही है...मेरे अधिकारियों एवं कर्मियों और आप सभी की सहायता से इस समस्या का समाधान करने के लिए राज्य सरकार ने मुझे नियुक्त किया है और मैंने कार्यभार ग्रहण किया है।’’ 

इसे भी पढ़ें: वाजे प्रकरण में मुंबई पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह का तबादला, NIA ने किया अन्य लोगों के शामिल होने का दावा

भारतीय पुलिस सेवा के 1987 बैच अधिकारी ने कहा कि उनके अधिकारियों की कोशिश मुंबई पुलिस विभाग की छवि सुधारने की होगी। उन्होंने कहा, ‘‘गत कुछ दिनों से आप देख रहे हैं, इस तरह अधिकारियों का शामिल होना ठीक नहीं हैं। एनआईए और एटीएस जांच कर रही है। चल रही जांच पर टिप्पणी करना उचित नहीं है।’’ उन्होंने यह बात सचिन वाजे की राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) द्वारा की गई गिरफ्तारी के संदर्भ में की।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़