यशवंत सिन्हा 21 अप्रैल को पटना में विपक्षी दलों के साथ कार्यक्रम आयोजित करेंगे
भाजपा के असंतुष्ट नेता यशवंत सिन्हा 21 अप्रैल को पटना में विपक्षी पार्टियों के साथ कार्यक्रम आयोजित करेंगे और ‘कोई राजनैतिक घोषणा’ करेंगे। सिन्हा ने मोदी सरकार पर हमला करने के लिये गैर राजनैतिक मोर्चा का गठन किया है।
नयी दिल्ली। भाजपा के असंतुष्ट नेता यशवंत सिन्हा 21 अप्रैल को पटना में विपक्षी पार्टियों के साथ कार्यक्रम आयोजित करेंगे और ‘कोई राजनैतिक घोषणा’ करेंगे। सिन्हा ने मोदी सरकार पर हमला करने के लिये गैर राजनैतिक मोर्चा का गठन किया है। उन्होंने इस बारे में कोई भी ब्योरा साझा करने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि वह शनिवार को इस संबंध में खुलासा करेंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘यह राजनैतिक घोषणा होगी।’’ वह भाजपा नीत राजग सरकार के कटु आलोचक हैं, लेकिन अब तक भाजपा में बने हुए हैं। सूत्रों ने बताया कि वह औपचारिक रूप से विपक्षी पार्टियों के साथ शामिल हो सकते हैं ताकि भाजपा के खिलाफ संयुक्त मोर्चा पेश किया जा सके।
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता घनश्याम तिवारी ने पटना में संवाददाताओं को बताया कि कांग्रेस के नेता, तृणमूल कांग्रेस सांसद दिनेश त्रिवेदी, राजद नेता तेजस्वी यादव, रालोद नेता जयंत चौधरी, आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह, जद (यू) के असंतुष्ट नेता उदय नारायण चौधरी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। तिवारी की पार्टी भी इस कार्यक्रम में शामिल होगी। पूर्व सांसद शरद यादव को भी आमंत्रित किया गया है। सिन्हा ने गत 30 जनवरी को राष्ट्र मंच का गठन किया था।
अन्य न्यूज़