अवैध खनन हुआ तो सख्त कार्रवाई करेगी योगी सरकार: भाजपा

Yogi Sarkar will take tough action if illegal mining takes place

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने अवैध खनन रोकने में विफल अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अगर कहीं भी अवैध खनन होगा तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी।

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने अवैध खनन रोकने में विफल अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अगर कहीं भी अवैध खनन होगा तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ल ने कहा, ‘‘योगी सरकार निरंतर पारदर्शी व्यवस्था लागू करने के लिए युद्धस्तर पर प्रयासरत है। भ्रष्टाचार मुक्त उत्तर प्रदेश बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार कदम उठा रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के गोंडा और मऊ के चार थानाध्यक्षों तथा दो खनन अधिकारियों को निलंबित किया गया है। तीन एसडीएम और तीन सीओ के खिलाफ विभागीय कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उच्च अधिकारियों को भी कड़ा संदेश दिया है, ‘‘यदि राज्य में कहीं भी अवैध खनन होगा तो उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।’’ प्रवक्ता ने कहा कि अधिकारियों को समझना होगा कि उत्तर प्रदेश में अब बसपा और सपा की सरकारें नहीं है, योगी सरकार है।

भाजपा नीत योगी सरकार में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। योगी सरकार के फैसले यह साबित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गत सरकारों में जिस प्रकार से अवैध खनन का काम सरकारी संरक्षण में संस्थागत रूप में अधिकारी एवं माफिया गठजोड़ से फलता फूलता आया है, उससे इनके हौसले सातवें आसमान पर थे। योगी सरकार के संदेश के बावजूद भी अधिकारियों को यह समझ में नहीं आया था। अब इनके खिलाफ कार्यवाही हो रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़