आज भी वैज्ञानिक रहस्यों को उजागर कर रहा है ‘रामचंद्रन प्लॉट’

G.N. Ramchandran profile

कुछ व्यक्ति विलक्षण प्रतिभा के धनी होते हैं, जो अपने उल्लेखनीय कार्यों की वजह से इतिहास में अमर हो जाते हैं। गोपालसमुन्द्रम नारायणा रामचन्द्रन भारतीय विज्ञान जगत में ऐसा ही एक नाम हैं। उन्हें जी.एन. रामचन्द्रन के नाम से भी जाना जाता है।

नई दिल्ली, (इंडिया साइंस वायर):  कुछ व्यक्ति विलक्षण प्रतिभा के धनी होते हैं, जो अपने उल्लेखनीय कार्यों की वजह से इतिहास में अमर हो जाते हैं। गोपालसमुन्द्रम नारायणा रामचन्द्रन भारतीय विज्ञान जगत में ऐसा ही एक नाम हैं। उन्हें जी.एन. रामचन्द्रन के नाम से भी जाना जाता है। रामचंद्रन 20वीं सदी के सबसे प्रतिभाशाली भारतीय वैज्ञानिकों में से एक थे। उन्होंने आणविक जीव-विज्ञान में कई महत्वपूर्ण खोजें कीं और प्रोटीन संरचना का उन्होंने विशेष रूप से अध्ययन किया।

जी.एन. रामचन्द्रन ने शरीर के महत्वपूर्ण घटक प्रोटीन का विस्तृत अध्ययन करते हुए कोलैजन की त्रि-कुंडलीय संरचना की व्याख्या की। उनके इस कार्य को आज 'रामचंद्रन फाई-साई डायग्राम' या 'रामचंद्रन प्लॉट' के नाम से जाना जाता है। उनके कार्य ने पॉलिपेप्टाइडों की सभी त्रिविभ रासायनिक यानी स्टीरियों कैमिस्ट्री संरचनाओं को समझने के लिए आधार प्रस्तुत किया। रामचंद्रन द्वारा किए गए कार्यों को आज भी त्रि-कुंडलीय संरचना के क्षेत्र में विशेष संदर्भ के रूप में देखा जाता है।

8 अक्तूबर, 1922 को केरल के एरनाकुलम में जन्मे रामचंद्रन बचपन से ही प्रतिभावान थे। उनके पिता गणित के प्रसिद्ध प्रोफेसर थे, लेकिन उन्होंने रामचंद्रन को गणित के अलावा भौतिकी और रसायन-विज्ञान में अध्ययन को प्रेरित किया। हालांकि, वह उन्हें भारतीय प्रशासनिक सेवा में भेजना चाहते थे, लेकिन रामचंद्रन भौतिकी से दिल लगा चुके थे। 

उनकी प्रतिभा को निखारने में सर सी.वी. रामन का भी योगदान है, जिनके मार्गदर्शन में रामचंद्रन ने भारतीय विज्ञान संस्थान, बैंगलोर से डॉक्टरेट किया। रामचंद्रन ने विभिन्न ठोस पदार्थों, जैसे- फ्लुओस्पार, हीरा तथा जिंक ब्लैंडी आदि की प्रकाश प्रत्यास्थता यानी फोटो-इलास्टिसिटी तथा ताप प्रकाशी यानी थर्मो ऑप्टिक गतिविधियों पर रामन के निर्देशन में शोध कार्य किया। 

1947 में रामचंद्रन को डॉक्टर ऑफ साइंस की उपाधि प्रदान की गई। इसके बाद उन्होंने कैंब्रिज विश्वविद्यालय में डब्ल्यू.ए. वूस्टर के मार्गदर्शन में शोध कार्य किया। उन दिनों कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय की कैवेंडिश प्रयोगशाला में सर विलियम लॉरेंस ब्रैग निदेशक पद पर थे। वहां उन्हें प्रसिद्ध वैज्ञानिक लाइनस पॉलिंग से मिलने का अवसर मिला। यह रामचंद्रन के लिए विशेष मौका था। उनके लिए पॉलिंग किसी हीरो से कम नहीं थे, क्योंकि उन्होंने उन्हीं दिनों पॉलिपेप्टाइडों की अल्फा हेलिकल संरचना की खोज की थी। 

कैंब्रिज से अपना पोस्ट-डॉक्टरेट का कार्य पूरा करके रामचंद्रन 1949 में भारत लौट आए और भारतीय विज्ञान संस्थान में भौतिकी विभाग में सहायक प्रोफेसर के रूप में कार्य करने लगे। 30 वर्ष की उम्र में वह मद्रास विश्वविद्यालय में भौतिकी विभाग में प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष बनकर भारतीय विज्ञान संस्थान से चले गए। मद्रास विश्वविद्यालय में उनके द्वारा किए गए शोध कार्यों ने विश्वविद्यालय को काफी प्रसिद्धि दिलायी। वर्ष 1970 में वह वापस भारतीय विज्ञान संस्थान में कार्य करने आए और उन्हें वहां आण्विक जैव भौतिकी का नया विभाग खोलने की जिम्मेदारी दी गयी। औपचारिक रूप से वर्ष 1971 में खुला यह विभाग आज देश में संरचात्मक जीव-विज्ञान के प्रमुख अध्ययन केंद्र के रूप में पहचान बना चुका है। 

रामचंद्रन को वर्ष 1961 में भौतिकी के शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार से सम्मानित किया गया और वर्ष 1977 में वह रॉयल सोसाइटी ऑफ लन्दन के सदस्य बने। सी.एस.आई.आर के सूक्ष्मजीव प्रौद्योगिकी संस्थान में भी उनकी स्मृति में प्रो. जी.एन. रामचंद्रन प्रोटीन केंद्र स्थापित किया गया है। यह प्रोटीन विज्ञान, इंजीनियरिंग और जैव प्रौद्योगिकी प्रोटीन के क्षेत्र में परामर्श केंद्र के रूप में कार्य कर रहा है।

रामचंद्रन की दर्शनशास्त्र, भारतीय एवं पश्चिमी संगीत में गहरी रुचि थी। एक वैज्ञानिक होने के साथ-साथ वह एक बेहतरीन वक्ता भी थे। वह भौतिकी की अत्यन्त जटिल अवधाराणाओं को सरल शब्दों में समझाते थे। एक अच्छे शिक्षक के साथ ही वह अच्छे कवि भी थे। उन्होंने विज्ञान, धर्म, दर्शन और उपनिषदों पर कविताएं लिखी हैं। 7 अप्रैल, 2001 को जी.एन. रामचंद्रन की मृत्यु हुई। विज्ञान प्रसार द्वारा उनके जीवन एवं कार्यों पर एक वृत्तचित्र का निर्माण भी किया गया है।

(इंडिया साइंस वायर)

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़