आपकी राशि जो भी हो, कष्टों से मुक्ति के उपाय यह रहे

solutions according to zodiac signs
शुभा दुबे । Jul 24 2017 12:15PM

वैसे तो जीवन के कष्ट दूर करने में बहुत हद तक भाग्य का हाथ होता है लेकिन कई ऐसे उपाय और हल भी हैं जिन्हें अपना कर आप अपने जीवन के कष्ट खुद भी दूर कर सकते हैं।

प्रत्येक मनुष्य चाहे वह अमीर हो या गरीब, सभी के जीवन में कोई ना कोई परेशानी या कठिनाई आती ही रहती है। दरअसल जीवन एक संघर्ष ही होता है जिसमें चुनौतियों पर सफलता पाने वाला शख्स विजयी कहलाता है। वैसे तो जीवन के कष्ट दूर करने में बहुत हद तक भाग्य का हाथ होता है लेकिन कई ऐसे उपाय और हल भी हैं जिन्हें अपना कर आप अपने जीवन के कष्ट खुद भी दूर कर सकते हैं। यहां दिये गये विभिन्न राशियों के लिए इन उपायों पर गौर करेंगे और उन पर अमल करेंगे तो वाकई ऐसा महसूस करेंगे कि यह आपके लिए कुछ सार्थक और फलदायी रहा।

मेष- इस राशि के लोगों को गाय को मीठी रोटी खिलानी चाहिए और साधु-संतों की सेवा करनी चाहिए। इस राशि के आराध्य देव भगवान श्रीगणेश जी हैं। गणेशजी का प्रतिदिन पूजन करने के अलावा हर मंगलवार को हनुमान जी की पूजा करें और प्रसाद खुद लेने के बाद उसे पूरा मंदिर में ही बांट दें। मंदिर में पहले हनुमान जी के पैर देखें फिर चेहरा। इसके अलावा बरकत के लिए मछलियों और पक्षियों को दाना दें तथा घर के सदस्यों से तनाव हो तो छेद वाले तीन तांबे के सिक्के बहते जल में प्रवाहित कर दें। उच्च शिक्षा के लिए लाल फूल का पौधा लगाएं। लाल रोली डाल कर सूर्य को जल चढ़ाएं। कोर्ट केस जीतने के लिए हरे रंग के कपड़े दान दें। इसके अलावा केसर वाला मीठा चावल कन्याओं को खिलाएं इससे तनाव दूर होगा। घर के दक्षिण भाग में गुड़ की एक डली छोड़कर प्रस्थान करने से आपको हर कार्य में प्रगति मिलेगी।

वृष− रोजाना कच्चे चावल सफेद गाय को खिलाने से धन लाभ होता है। यह प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू करें। चावल की मात्रा हथेली के अनुसार रखें, यह उपाय आपको वास्तव में धन लाभ देगा। घर में मनी प्लांट लगाएं और वस्त्रों में इत्र अवश्य लगाएं। इस राशि के लोगों को चाहिए कि संपत्ति के विवाद को सुलझाने के लिए गणपति का पूजन करें। पढ़ाई में परेशानी आ रही हो तो गाय को हरा चारा खिलाएं। मंगलवार के दिन हनुमान जी के मंदिर में शुद्ध घी का दोमुखी दीया जलाएं और लाल चंदन की माला चढ़ाएं इससे दांपत्य की परेशानी दूर होगी। काम शुरू हो कर बीच में अधूरा रह जाता हो तो 21 गुरुवार को गरीब ब्राह्मण को भोजन कराएं। दफ्तर में तनाव हो तो पीपल को जल चढ़ाएं और कौए को मीठी रोटी खिलाएं। अपाहिज व्यक्ति को दान दें। आमदनी में दिक्कत हो तो केसर का टीका माथे पर लगाएं।

मिथुन− इस राशि के लोगों को बुधवार के दिन खड़े मूंग का दान करना चाहिए और किसी सुहागन स्त्री को सुहाग के सामान का दान करना चाहिए। इस राशि के लोग हरे रंग का रुमाल हमेशा अपने पास रखें। संपत्ति विवाद के हल के लिए बुजुर्गों को रात में दूध पीने के लिए दें। घर में कलह होती हो तो शुक्ल पक्ष की चतुर्थी को एक कन्या को भोजन कराएं और नवरात्र में दुर्गा सप्तशती का पाठ करें। बीमारी में पैसा खर्च हो रहा हो या दफ्तर में परेशानी आ रही हो तो किसी को मीठा व नमकीन दोनों खिलाएं। दफ्तर की परेशानियों से बचने के लिए 1 हल्दी की गांठ पानी में बहा दें और दूसरी दफ्तर में रख लें। गरीब व्यक्ति को काला कंबल दान देंगे तो काम सुचारू रूप से चलेगा। शोहरत पाने के लिए पानी में फिटकरी डाल कर स्नान करना चाहिए। नियमित रूप से सफेद गाय को हरी घास खिलाने से घर-परिवार के दोष दूर होते हैं। तामसिक भोजन का परित्याग करें और मछलियों को कैद मुक्त करें।

कर्क− घर के पश्चिम भाग में कबूतरों को ज्वार के दाने चुगाने से पश्चिमी भाग लाभदायक हो जाता है। नकारात्मक ऊर्जा समाप्त हो जाने से परिवार में शांति बनी रहती है। धार्मिक कार्यों को हमेशा कार्य रूप दें। तीर्थस्थान की यात्रा करने से किसी को नहीं रोकें। इस राशि के लोगों को चाहिए कि यदि उनकी किसी से भी बहस हो जाती हो, तो शिव मंदिर में लाल चंदन दान दें। बचत न होती हो तो मां की सेवा करें। सफलता के लिए रोज पूजा के बाद चंदन का टीका लगाएं। बुजुर्गों का कहा मानें और उनका सम्मान करें इससे स्वास्थ्य की परेशानियां कम होंगी। यदि विवाहित हैं तो जीवनसाथी की राय जरूर लें। इससे नुकसान की संभावनाएं कम हो जाती हैं। नए काम से पहले पितरों को याद करें। धन की इच्छा हो तो घर में लाल फूल की बेल लगाएं। माँ दुर्गा की पूजा भी करें।

सिंह− घर के पूर्व भाग में तांबे के लोटे का जल छिड़ककर गीला करें। ऐसा करने से शुभ समाचार प्राप्त होते हैं। इस राशि के जातक नियमित रूप से भगवान सूर्य को अर्ध्य दें और लाल चंदन का टीका लगाएं। सौहार्द्र के लिए हर बुधवार को गणेश जी को किशमिश चढ़ाएं। शुक्रवार को इत्र लगाएं इससे काम आसानी से बनेंगे। सात शुक्रवार कुएं में फिटकरी का टुकड़ा डालेंगे तो रुका हुआ काम बन जाएगा। उच्च शिक्षा के लिए कुत्ते को रोटी खिलाएं और झूठ नहीं बोलें। बहते पानी में सात बादाम और एक नारियल शुक्रवार के दिन प्रवाहित करें इससे बीमारी से छुटकारा मिलेगा। घर में तुलसी का पौधा लगाएं और रोज पानी डालें। सुबह बड़ों के पैर छुएं। मंगलवार को हनुमान जी को सिंदूर चढ़ाएं। लाल रंग का रुमाल अपने पास रखें इससे भाग्योदय होगा। अखरोट व नारियल धर्म स्थान में दान दें और अंधे को भोजन कराएं।  

कन्या− घर की उत्तर दिशा में हरी घास को गायों के खाने के लिए रखें। जरूरतमंद व्यक्ति को खड़ा मूंग और गुड़ का दान करें। यह करने से घर की उत्तर दिशा में लक्ष्मी का वास होगा तथा अपव्यय रुकेगा। चांदी का छल्ला धारण करें। इस राशि के जातक कभी भी भूरे रंग का कुत्ता नहीं पालें। धन की हानि से बचने के लिए गले में दोमुखी रुद्राक्ष पहनें। सुख−शांति के लिए हर शनिवार को पीपल के पेड़ को जल चढ़ाएं। परेशानी से बचने के लिए घर में कुत्ता नहीं पालें। उच्च शिक्षा के लिए 12 मुखी रुद्राक्ष पहनें। काम आसानी से होते रहें, इसके लिए घर में गंगाजल रखें। किसी से बेकार बहस हो जाती हो तो खाने के बाद सौंफ खाएं। छोटी उंगली में सोने में पन्ना पहनें। शिव पूजा करें इससे आर्थिक लाभ होगा। प्रतिष्ठा के लिए हरे रंग के कपड़े ज्यादा से ज्यादा पहनें। स्थायी सफलता के लिए तुलसी की माला पहनें।

तुला− शुक्रवार को प्रात: घर के पश्चिम-उत्तर दिशा में सफेद कपड़े में चावल बांधकर लटका दें। ऐसा करने से मांगलिक कार्यों में गति आएगी तथा वैवाहिक जीवन की परेशानियां दूर हो जाएंगी। कार्यों में सफलता मिलेगी। गौ को रोजाना भोजन दें। बड़ों का सम्मान करें और 12 मुखी रुद्राक्ष पहनें। 200 ग्राम गुड़ की रेवड़ी और 200 ग्राम बताशे 21 मंगलवार तक बहते पानी में प्रवाहित करें इससे धन की समस्या दूर होगी। मंगलवार को हनुमान चालीसा का पाठ करें। काम में बार−बार दिक्कतें आ रही हों तो नियमित किसी मंदिर में भगवान के दर्शन करें। छोटे भाई−बहनों की मदद करें।

वृश्चिक− घर के दक्षिण-पूर्व कोने में जौ को लाल कपड़े में बांधकर रखने से बुरी शक्तियां घर में प्रवेश नहीं करती हैं। पीपल और किकर के वृक्ष नहीं काटने चाहिए। किसी से मुफ्त का माल नहीं लेना चाहिए। बुरे कार्यों और बुरी आदतों से जितना दूर रहेंगे उतनी ही तरक्की करेंगे। उच्च शिक्षा के लिए केले के पेड़ की पूजा करें और जल चढ़ाएं। अनिश्चितता की स्थिति है तो हाथी को गन्ना खिलाएं।

धनु− स्नान के बाद माथे पर लाल चंदन या रोली का टीका लगाएं। उच्च शिक्षा के लिए तांबे के बरतन में पानी भर कर अपने कमरे में रखें और सुबह उसे पौधों में डाल दें। परिवार में प्रेम के लिए नीम और अशोक के पेड़ लगवाएं। सुखमय दांपत्य जीवन के लिए तुलसी में जल डालें। दफ्तर में परेशानी आ रही हो तो महिलाएं बाएं हाथ और पुरुष दाएं हाथ में चांदी का कड़ा पहनें। बहस या विवाद से बचने के लिए चांदी के बरतन में रात में पानी भरें और सुबह उसे पी लें। शांति और समृद्धि के लिए घर में कचरा या गंदगी ना रहने दें। घर का ईशान कोण (उत्तर-पूर्व दिशा) आपकी साधना के लिए श्रेष्ठ है। यहां पर भगवान श्रीविष्णु की शत् नामावली या सहस्त्र नामावली का पाठ करें। ऐसा करने से रोग और दोषों से घर को मुक्ति मिलेगी। भिखारियों को निराश नहीं लौटने दें और तीर्थयात्रा करते रहें। घर में पीले फूल वाले पौधे लगाएं।  

मकर− घर के पश्चिम में हरी या श्याम तुलसी का पौधा लगाएं तथा इसे निरंतर सींचें। ऐसा करने से रुके कार्यों में प्रगति होगी। आर्थिक परेशानियों से बचने के लिए शुक्रवार को सफेद गाय को चावल में घी और चीनी डाल कर खिलाएं। गुरुवार को विष्णु मंदिर में पीले फूल चढ़ाएं। पूर्व दिशा वाले मकान में निवास करें और असत्य नहीं बोलें। घर के किसी हिस्से में अंधेरा नहीं रखें।  

कुंभ− घर की पश्चिम-उत्तर दिशा को स्वच्छ रखना चाहिए। उपयोगी कागजात इस स्थान पर रखेंगे तो कार्यों में सफलता मिलेगी। घर में मनी प्लांट लगाएं। सोना धारण करें। दक्षिण दिशा वाले मकान में नहीं रहें और चांदी का टुकड़ा सैदव अपने पास रखें। ध्यान रखें कि आपके यहां से कोई भूखा नहीं जाए। उच्च शिक्षा के लिए तुलसी के पत्ते खाएं। गणपति व हनुमान जी की पूजा करें। रविवार का व्रत रखें और बिना नमक का भोजन करें इससे दांपत्य सुख मिलेगा।

मीन− धर्म स्थान में जाकर पूजन करें और कुल पुरोहित का आशीर्वाद प्राप्त कर सिर पर शिखा रखें। घर की पूर्वोत्तर दिशा में देवताओं के लिए मंदिर बनवाएं। घर का मंदिर और रसोईघर साथ-साथ नहीं हो। लक्ष्मीनारायण की उपासना आपको भूमि-भवन का लाभ देगी। उन्नति के लिए माथे पर चंदन लगाएं, बुजुर्गों को सम्मान करें। बीमारियों में पैसा खर्च हो हो तो गले में तांबे का सूर्य पहनें। मंदिर या प्याऊ बनाने के लिए पैसा दान करें। दांपत्य जीवन में तनाव चल रहा हो तो महिलाओं से न झगड़ें न ही उन्हें अपमानित करें। कभी भी सट्टे और लाटरी में पैसा न लगाएं। नौकरी में परेशानी आ रही हो तो पीपल के पेड़ की जड़ में पानी डालें और कभी भी झूठ न बोलें। आर्थिक परेशानी हो तो तेल में अपना चेहरा देख कर उस तेल को दान कर दें। दोमुखी या 12 मुखी रुद्राक्ष पहनें।

- शुभा दुबे

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़