जिगरी दोस्त को भी न बताएं ये 5 राज, वरना बाद में हो सकता है पछतावा

दोस्ती चाहे कितनी भी गहरी हो, रिश्तों में तनाव से बचने के लिए कुछ निजी बातें साझा करने से बचना चाहिए। अपनी कमाई, पार्टनर के साथ निजी जीवन, पारिवारिक झगड़े, दूसरों के राज और भविष्य के अधूरे लक्ष्यों को बेस्ट फ्रेंड से भी सोच-समझकर ही शेयर करें। ऐसा करने से रिश्ते में विश्वास और सम्मान बना रहता है।
दोस्ती का रिश्ता भरोसे और अपनापन से भरा होता है। हम अपने बेस्ट फ्रेंड के साथ जिंदगी की छोटी-बड़ी बातें शेयर करते हैं और कई बार ऐसी बातें भी बता देते हैं, जिन्हें निजी रखना बेहतर होता है। दोस्ती कितनी भी गहरी क्यों न हो, हर बात बताना जरूरी नहीं है। कई बार जरूरत से ज्यादा निजी बातें शेयर करना आगे चलकर मानसिक परेशानी और रिश्तों में तनाव की वजह बन सकता है। इसलिए कुछ बातें ऐसी हैं, जिन्हें अपने सबसे अच्छे दोस्त से भी सोच-समझकर शेयर करना चाहिए। आइए जानते हैं इनके बारे में।
अपनी कमाई और बैंक बैलेंस की जानकारी
आपकी कमाई कितनी है, बैंक में कितने पैसे हैं, आपने कहां निवेश किया है और भविष्य के लिए कितनी बचत की है, ये सभी बातें निजी होती हैं। पैसों को लेकर कई बार अच्छे रिश्तों में भी गलतफहमियां पैदा हो जाती हैं। इसलिए अपनी आर्थिक स्थिति और पैसों से जुड़ी योजनाओं के बारे में हर किसी को बताने से बचें। दोस्ती में पैसा कई बार परेशानी की वजह बन सकता है।
इसे भी पढ़ें: स्कूलों में बढ़ रहे हैं बुलिंग के मामले, माता-पिता इन 6 संकेतों से पहचानें बच्चे की परेशानी
पार्टनर के साथ निजी जिंदगी की बातें
आपकी शादीशुदा जिंदगी और पार्टनर के साथ जुड़ी निजी बातें सिर्फ आप दोनों के बीच रहनी चाहिए। बेडरूम से जुड़ी बातें या पार्टनर की कमियों को किसी तीसरे व्यक्ति के साथ शेयर करना ठीक नहीं है। भले ही वह आपका बेस्ट फ्रेंड या परिवार का कोई सदस्य हो, लेकिन पार्टनर की निजी बातों का सम्मान करना जरूरी है। बार-बार उनकी कमियां दूसरों को बताने से लोगों की नजर में उनकी इज्जत कम हो सकती है और रिश्ते में भी परेशानी आ सकती है।
परिवार के निजी मामले और झगड़े
हर परिवार में कभी न कभी किसी बात को लेकर विवाद हो सकता है। कई बार भाई-बहन के बीच झगड़ा होता है, तो कभी जमीन या पैसों को लेकर परिवार में तनाव पैदा हो जाता है। ऐसी बातें समय के साथ सुलझ भी जाती हैं, लेकिन अगर आप इन्हें हर किसी के साथ शेयर करते हैं, तो उनके मन में आपके परिवार को लेकर गलत धारणा बन सकती है। इसलिए परिवार के निजी मामलों को किसी दूसरे के साथ साझा करने से पहले अच्छी तरह सोच लें।
इसे भी पढ़ें: Child Psychology Game: कौन कितना करीब है? इस खेल से समझें अपने बच्चे के दिल का हाल
किसी तीसरे व्यक्ति की निजी बातें
अगर किसी ने आप पर भरोसा करके अपनी कोई निजी बात बताई है, तो उसे अपने बेस्ट फ्रेंड के साथ भी शेयर नहीं करना चाहिए। दोस्ती का मतलब यह नहीं है कि आप किसी दूसरे व्यक्ति की निजी जिंदगी की बातें बिना उसकी इजाजत के आगे बता दें। ऐसा करने से उस व्यक्ति का भरोसा टूट सकता है। इसलिए दूसरों की निजी बातों को अपने तक रखना भी जरूरी है।
अपने अधूरे लक्ष्य और भविष्य की योजनाएं
हर व्यक्ति के सपने और लक्ष्य अलग होते हैं। हो सकता है कि आपका दोस्त आपकी सोच और भविष्य की योजनाओं से सहमत न हो। कई बार अपने लक्ष्य दूसरों को बताने पर बेवजह की आलोचना सुननी पड़ सकती है। इससे आपका आत्मविश्वास भी कम हो सकता है और आप अपने काम को लेकर उलझन में पड़ सकते हैं। इसलिए जब तक आपके लक्ष्य पूरे नहीं हो जाते, तब तक उन्हें हर किसी के साथ शेयर करना जरूरी नहीं है। पहले अपने काम पर ध्यान दें और सही समय आने पर ही अपनी सफलता के बारे में बताएं।
अन्य न्यूज़














