FIFA World Cup में Australia ने तुर्किए का जश्न बिगाड़ा, 24 साल बाद वापसी पर मिली 2-0 से हार

नेस्टोरी इरंकुंडा के रिकॉर्ड गोल और गोलकीपर पैट्रिक बीच के शानदार बचावों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 24 साल बाद विश्व कप में वापसी कर रहे तुर्किए को 2-0 से हरा दिया। इस जीत ने तुर्किए की वापसी का जश्न फीका कर दिया और ऑस्ट्रेलिया को ग्रुप डी में मजबूत शुरुआत दिलाई।
नेस्टोरी इरंकुंडा और कॉनर मेटकाफ के गोल की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने यहां 2-0 से जीत दर्ज करके तुर्किए की 24 साल बाद विश्व कप फुटबॉल में वापसी के जश्न में रंग में भंग डाल दिया। इस मैच को देखने के लिए फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो भी स्टेडियम में पहुंचे थे। ऑस्ट्रेलिया की जीत का श्रेय उसके गोलकीपर पैट्रिक बीच को भी जाता है जिन्होंने ग्रुप डी के इस मैच में आठ शानदार बचाव किए। ऑस्ट्रेलिया लगातार छठी बार और कुल मिलाकर सातवीं बार विश्व कप में खेल रहा था। तुर्किए 2002 में विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचा था, लेकिन उसके बाद लगातार पांच टूर्नामेंट में जगह बनाने से चूक गया।
उसने इस साल प्लेऑफ में कोसोवो को हराकर क्वालीफाई किया। इरंकुंडा ने तीन डिफेंडरों से घिरे होने के बावजूद27वें मिनट में निचले शॉट से गोल करके ऑस्ट्रेलिया को बढ़त दिला दी। इरंकुंडा ने ऑस्ट्रेलियाई फुटबॉल के दिग्गज टिम कहिल के इस खेल में योगदान को याद करने के लिए कॉर्नर फ्लैग पर मुक्का मारकर जश्न मनाया। वाटफोर्ड के लिए खेलने वाले 20 वर्षीय इरंकुंडा ऑस्ट्रेलिया की तरफ से विश्व कप में सबसे कम उम्र के गोल स्कोरर बन गए हैं।
इसके कुछ मिनट बाद बीच ने अब्दुलकरीम बरदाकसी के जोरदार शॉट को रोककर शानदार बचाव किया। ऑस्ट्रेलिया के कोच टोनी पोपोविच ने अनुभवी गोलकीपर मैथ्यू रयान की जगह बीच को शुरुआती एकादश में रखने का चौंकाने वाला फैसला किया जो सही साबित हुआ। तुर्किए को 57वें मिनट में फ्री किक मिली, लेकिन बीच ने बड़ी खूबसूरती से अर्दा गुलेर के शॉट को बचा दिया। रियाल मैड्रिड के लिए खेलने वाले 21 वर्षीय मिडफील्डर गुलेर का जन्म उस समय नहीं हुआ था जब तुर्किए इससे पहले आखिरी बार विश्व कप में खेला था।
कॉनर मेटकाफ ने 75वें मिनट में इस्माइल युकसेक की गलती का फायदा उठाते हुए ऑस्ट्रेलिया की बढ़त को दोगुना कर दिया। ऑस्ट्रेलिया को पिछले विश्व कप के अपने शुरुआती मैच में फ्रांस से का सामना करना पड़ा था, लेकिन इसके बाद उसने अपने ग्रुप में ट्यूनीशिया और डेनमार्क को हराया था।
वह अंतिम 16 में आखिर में चैंपियन बने अर्जेंटीना से हार गया था। तुर्किए तीसरी बार विश्व कप में भाग ले रहा है। उसने 1954 में इस टूर्नामेंट में पदार्पण किया था। ग्रुप डी में अमेरिका और पराग्वे की टीम भी शामिल हैं। अमेरिका ने शुक्रवार को लॉस एंजिलिस में खेले गए ग्रुप के पहले मैच में पराग्वे को 4-1 से हराया था।
अन्य न्यूज़














