PV Sindhu lead करेंगी China Open में भारतीय चुनौती, Satwik-Chirag की जोड़ी चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर

PV Sindhu
ANI

जापान ओपन की चैंपियन पीवी सिंधू चीन ओपन 1000 में भारतीय दल की कमान संभालेंगी जहां वह अपनी विजयी लय बरकरार रखने की कोशिश करेंगी। सात्विक-चिराग की चोट के कारण अनुपस्थिति पदक की संभावनाओं पर असर डालेगी लेकिन लक्ष्य सेन और एचएस प्रणय से पुरुष एकल में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। चीन ओपन बैडमिंटन अपडेट्स और पीवी सिंधू के मैचों पर खेल प्रेमियों की नजरें टिकी हैं।

ओपन का खिताब जीतकर शानदार लय में लौटी भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधू मंगलवार से शुरू हो रहे चीन ओपन सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगी लेकिन पुरुष युगल की शीर्ष जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी कंधे की चोट से उबर रहे सात्विक के कारण इस प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेगी। भारतीय टीम बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर पर पिछले सप्ताह के शानदार प्रदर्शन की लय को बरकरार रखने की कोशिश करेगी। सिंधू लगभग दो वर्ष बाद जापान ओपन का खिताब जीतकर बेहतरीन लय में चीन पहुंची हैं। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधू ने जापान ओपन में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में तीन बार की विश्व चैंपियन जापान की अकाने यामागुची को हराया।

उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में अपने सभी मुकाबले सीधे गेमों में जीतकर खिताब अपने नाम किया। सिंधू अपने अभियान की शुरुआत हमवतन उन्नति हुड्डा के खिलाफ करेंगी। दूसरे दौर में उनका सामना चीन की चौथी वरीयता प्राप्त चेन यू फेई से हो सकता है। महिला एकल में भारत की अन्य खिलाड़ी देविका सिहाग अपने अभियान की शुरुआत थाईलैंड की बुसानन ओंगबामरुंगफान के खिलाफ करेंगी।

पिछले महीने सिंगापुर ओपन सुपर 750 का खिताब जीतने वाले सात्विक और चिराग ने जापान ओपन से भी सात्विक की बार-बार उभर रही कंधे की चोट के कारण नाम वापस ले लिया था। अब दोनों ने विश्व चैंपियनशिप से पहले पूरी तरह फिट होने के उद्देश्य से चीन ओपन नहीं खेलने का फैसला किया है। विश्व चैंपियनशिप 17 वर्ष बाद भारत में आयोजित होने जा रही है। पुरुष एकल में भारत की चुनौती का जिम्मा पेरिस ओलंपिक के सेमीफाइनलिस्ट लक्ष्य सेन, विश्व रैंकिंग में 24वें स्थान पर काबिज आयुष शेट्टी और अनुभवी एचएस प्रणय संभालेंगे। लक्ष्य सेन शुरुआती दौर में जापान के युशी तनाका से भिड़ेंगे।

आयुष शेट्टी का सामना इंडोनेशिया के अल्वी फरहान से होगा, जबकि 2023 विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता प्रणय पहले दौर में मलेशिया के लिओंग जुन हाओ से खेलेंगे। मिश्रित युगल में भारत की उम्मीदें तनीषा क्रास्टो और ध्रुव कपिला की जोड़ी पर टिकी होंगी, जिनका पहले दौर में चीन की पांचवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी गुओ शिन वा और चेन फांग हुई से मुकाबला होगा।

रोहन कपूर और रुत्विका शिवानी गड्डे की जोड़ी का सामना पहले दौर में शीर्ष वरीय चीन के फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग से होगा। पुरुष युगल में हरिहरन अम्साकरुणन और एम.आर. अर्जुन की जोड़ी अपने पहले मुकाबले में चीन की चौथी वरीयता प्राप्त लियांग वेई केंग और वांग चांग की जोड़ी से भिड़ेगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़