Argentina विवाद के बाद Egypt ने कोच Hossam Hassan पर जताया भरोसा, 2030 तक बढ़ाया कॉन्ट्रैक्ट

football
प्रतिरूप फोटो
ANI
अंकित सिंह । Jul 9 2026 12:23PM

मिस्र फुटबॉल एसोसिएशन (EFA) ने फीफा वर्ल्ड कप में टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद हेड कोच होसाम हसन का कॉन्ट्रैक्ट 2030 तक बढ़ा दिया है। हालांकि, अर्जेंटीना के खिलाफ राउंड ऑफ़ 16 मुकाबले में विवादास्पद रेफरी के फैसलों को लेकर EFA ने फीफा से शिकायत करने की घोषणा की है, जिससे फुटबॉल जगत में बहस छिड़ गई है।

मिस्र फुटबॉल एसोसिएशन ने बुधवार को घोषणा की कि मौजूदा फीफा वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के बाद राष्ट्रीय पुरुष टीम के हेड कोच होसाम हसन का कॉन्ट्रैक्ट बढ़ा दिया गया है। मोहम्मद सालाह की कप्तानी वाली टीम, जो अपना सिर्फ़ चौथा और 2018 के बाद पहला वर्ल्ड कप खेल रही थी, राउंड ऑफ़ 16 तक पहुँची। प्री-क्वार्टर फ़ाइनल में अर्जेंटीना के ख़िलाफ़ 2-0 की बढ़त बनाकर उन्होंने पूरी फ़ुटबॉल दुनिया को चौंका दिया था, लेकिन मौजूदा चैंपियन ने बड़े मैचों के अनुभव और क्लास का फ़ायदा उठाते हुए 13 मिनट में तीन गोल करके हार के मुँह से जीत और क्वार्टर फ़ाइनल की जगह छीन ली।

इसे भी पढ़ें: FIFA World Cup में रेफरी पर बड़ा बवाल, Argentina से हार के बाद मिस्र ने FIFA में दर्ज कराई शिकायत

रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, EFA ने एक बयान में कहा कि EFA के प्रेसिडेंट हनी अबो रिडा ने घोषणा की कि एसोसिएशन के बोर्ड ने मिस्र की नेशनल टीम के हेड कोच होसाम हसन और टीम डायरेक्टर इब्राहिम हसन के कॉन्ट्रैक्ट को रिन्यू करने की मंज़ूरी दे दी है। 59 साल के होसाम को फरवरी 2024 में मिस्र का कोच बनाया गया था और उनकी पहली बड़ी कामयाबी 2025 AFCON (अफ्रीकन कप ऑफ़ नेशंस) में सेमीफ़ाइनल तक पहुँचना थी। होसाम ने पहले यह भी माना था कि वे इस साल फरवरी से बिना किसी नेशनल कॉन्ट्रैक्ट के टीम के साथ काम कर रहे थे।

हसन की देखरेख में मिस्र ने ग्रुप G में न्यूज़ीलैंड को 3-1 से हराकर अपनी पहली वर्ल्ड कप जीत हासिल की। ​​राउंड ऑफ़ 32 में उन्होंने पेनल्टी शूटआउट में ऑस्ट्रेलिया को भी हराया, जो वर्ल्ड कप नॉकआउट मैच में उनकी पहली जीत थी। लोकल मीडिया के अनुसार, नया कॉन्ट्रैक्ट 2030 तक चलेगा। वहीं, मिस्र फुटबॉल संघ ने कहा कि विश्व कप में अर्जेंटीना के खिलाफ अंतिम 16 के मुकाबले में ‘पक्षपातपूर्ण और खराब’ रैफरिंग को लेकर वह खामोश नहीं बैठेगा। 

इसे भी पढ़ें: ईरान के राष्ट्रपति का बड़ा आरोप: FIFA वर्ल्ड कप में America कर रहा धोखाधड़ी, तोड़े नियम

मिस्र के कोच होसाम हसन और कई खिलाड़ियों ने इस मैच में रैफरिंग की आलोचना की है। मैच में 79वें मिनट तक दो गोल से पिछड़ने के बाद अर्जेंटीना ने 13 मिनट में तीन गोल करके चमत्कारिक जीत दर्ज की। ईएफए ने एक बयान में कहा कि मिस्र की राष्ट्रीय टीम के हितों और अधिकारों की रक्षा करने को अनदेखा नहीं किया जा सकता और ना ही उसे कमतर आंका जा सकता है। हम पूरी प्रतिबद्धता से यह जिम्मेदारी निभायेंगे। फीफा के रैफरिंग प्रमुख पियरलुइगी कोलिना ने बुधवार की शाम जारी एक बयान में कहा कि फैसलों को लेकर सार्थक बातचीत हमेशा फुटबॉल का हिस्सा रहेगी लेकिन गलत आरोपों के लिये खेल में कोई जगह नहीं है।

For more Sports News in Hindi Today please click here. 

All the updates here:

अन्य न्यूज़