डरबन से 2022 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी छिनी

[email protected] । Mar 14 2017 11:41AM

डरबन से 2022 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी का अधिकार छीन लिया गया क्योंकि दक्षिण अफ्रीका सरकार ने इसे लेकर वित्तीय गारंटी नहीं दी और साथ ही उन प्रतिबद्धताओं को पूरा नहीं किया गया।

लंदन। डरबन से 2022 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी का अधिकार छीन लिया गया क्योंकि दक्षिण अफ्रीका सरकार ने इसे लेकर वित्तीय गारंटी नहीं दी और साथ ही उन प्रतिबद्धताओं को पूरा नहीं किया गया जो करीब दो साल पहले इस शहर को खेलों की मेजबानी हासिल करने पर दी गयी थीं। डरबन ने अपने यहां खेलों के आयोजन का अधिकार बचाने की आखिरी कोशिश करते हुए पिछले सप्ताहांत में राष्ट्रमंडल खेल परिसंघ (सीजीएफ) के सामने एक संशोधित बजट एवं मेजबानी से जुड़ा प्रस्ताव पेश किया था। 

सीजीएफ ने एक बयान में कहा कि यह काफी निराशा की बात है कि डरबन की दावेदारी में जो प्रतिबद्धताएं की गयीं थीं, उससे हटा गया और संशोधित प्रस्ताव में शासन, आयोजन स्थलों, वित्तपोषण एवं जोखिम प्रबंधन जैसे कई क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्वों का पालन नहीं किया गया। सीजीएफ की अध्यक्ष लुई मार्टिन ने कहा कि परिसंघ ‘‘संभावित दूसरे मेजबान सहित कई विकल्पों पर सक्रियता से ध्यान दे रहा है।’’ डरबन की नाकामी दक्षिण अफ्रीका के लिए एक बड़ी शर्मिंदगी का विषय है। उसकी दावेदारी को शुरूआत में ऐतिहासिक करार दिया गया था क्योंकि खेलों की मेजबानी हासिल करने वाला वह पहला अफ्रीकी शहर था।

All the updates here:

अन्य न्यूज़