India vs New Zealand: वेलिंगटन में दूसरे वनडे में तेज गेंदबाजों के दम पर बढ़त दोगुनी करने उतरेगी टीम इंडिया

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भारतीय क्रिकेट टीम शनिवार को वेलिंगटन में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में उतरेगी। पहले मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले युवा तेज गेंदबाजों से टीम को एक बार फिर बेहतरीन शुरुआत की उम्मीद है। चोट के कारण कीवी बल्लेबाज डेवोन कोंवे पूरी श्रृंखला से बाहर हो गए हैं।

वेलिंगटन, छह नवंबर भारत के अनुभवहीन लेकिन प्रतिभाशाली तेज गेंदबाज शनिवार को यहां दूसरे वनडे में चौतरफा आक्रमण से न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों पर दबाव बनाकर श्रृंखला में भारत की बढत दुगुनी करने के इरादे से उतरेंगे। श्रृंखला से पहले भारत के तेज गेंदबाजों की अनुभवहीनता पर काफी सवाल उठे थे लेकिन गुरनूर बराड़, अंशुल कम्बोज और अर्शदीप सिंह ने पहले मैच में यादगार प्रदर्शन करके सभी की धारणा बदल दी। अभी तक हरफनमौलाओं के चयन पर जोर देने वाले मुख्य कोच गौतम गंभीर की पसंद भी इससे बदलती नजर आ रही है।

ईडन पार्क की बाउंड्री छोटी और सीधी थी लेकिन यहां सीमारेखा छोटी होने के बावजूद आकार चौकोर है जिसके कारण तेज गेंदबाजों को अपनी लैंग्थ में बदलाव करना होगा। अर्शदीप सिंह की अगुवाई में भारतीय तेज गेंदबाजों ने आकलैंड में मेजबान टीम पर दबाव बनाया लेकिन यहां मैदान के आकार को देखते हुए उन्हें ‘‘फुललैंग्थ’’ गेंद डालनी होगी। अर्शदीप ने पहले मैच में सबसे ज्यादा विकेट लिये लेकिन कम्बोज ने 46 डॉट गेंद डाली।

उन्होंने लगातार टेस्ट मैच वाली लैंग्थ से गेंदबाजी की जिसका फायदा मिला। ईडन पार्क में अर्शदीप और आकिब नबी ने गेंदबाजी का आगाज किया लेकिन कम्बोज की गेंदों को मिल रही मूवमेंट को देखते हुए उन्हें नयी गेंद सौंपी जा सकती है। चारों तेज गेंदबाजों में पहले मैच में सिर्फ नबी को विकेट नहीं मिला।

उनकी जगह मोहम्मद सिराज को उतारा जा सकता है बशर्ते वह उपलब्ध हों। फील्डिंग कोच शुभदीप घोष ने मैच से पूर्व प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,‘‘ मुझे नहीं पता , यह टीम प्रबंधन तय करेग।’’ बल्लेबाजी में रोहित शर्मा अच्छी पारी खेलना चाहेंगे जो पहले मैच में पहले ओवर में ही आउट हो गए थे। वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू श्रृंखला में उन्होंने हालांकि अच्छा प्रदर्शन किया था।

विराट कोहली ने पहले मैच में शानदार प्रदर्शन किया और अपनी मर्जी से बाउंड्री लगाकर भारत को लक्ष्य का पीछा करके जीत दिलाने में मदद की। बाकी भारतीय बल्लेबाजों को हालांकि शॉर्ट गेंद ने परेशान किया और उन्हें प्रदर्शन में सुधार करना होगा। श्रेयस अय्यर कई शॉर्ट गेंद का सामना करने के बाद सस्ते में आउट हो गए।

न्यूजीलैंड के बल्लेबाज भी शॉर्ट गेंदों के खिलाफ जूझते नजर आये। कप्तान मिशेल सेंटनेर ने मैच के बाद स्वीकार किया कि भारतीय तेज गेंदबाजों की गेंदों की अतिरिक्त उछाल का वे सामना नहीं कर सके। मैच से पहले न्यूजीलैंड को करारा झटका भी लगा जब उसके आक्रामक बल्लेबाज डेवोन कोंवे अभ्यास के दौरान मैट हेनरी से हुई टक्कर के कारण बाकी मैचों के बाहर हो गए।

हेनरी को हालांकि चोट नहीं लगी है और वह चयन के लिये उपलब्ध होंगे। टीमें : भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, अंशुल कंबोज, औकिब नबी, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, इशान किशन, कुलदीप यादव, नमन धीर। न्यूजीलैंड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), टिम सीफर्ट, हेनरी निकोल्स, टॉम लैथम (विकेटकीपर), विल यंग, ​​ग्लेन फिलिप्स, डैरिल मिचेल, माइकल ब्रैसवेल, जैकब डफी, काइल जैमीसन, मैथ्यू फिशर, मैट हेनरी, ब्लेयर टिकनर, नाथन स्मिथ।

मैच भारतीय समयानुसार सुबह 7:30 बजे शुरू होगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़