भारत के खिलाफ गेंदबाजी में निरंतरता न होना निराशाजनक: Kyle Jamieson

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जेमीसन ने टीम के गेंदबाजों के चोटिल होने और गेंदबाजी इकाई में स्थिरता की कमी पर चिंता जताई है। मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन जैसे खिलाड़ियों के बाहर होने से टीम का आपसी तालमेल प्रभावित हुआ है।

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जेमीसन ने भारत के खिलाफ सीमित ओवरों की मौजूदा शृंखला में अपनी टीम की गेंदबाजी इकाई में निरंतरता की कमी पर निराशा जताते हुए कहा कि इससे टीम के अच्छे प्रदर्शन की संभावनाएं प्रभावित हुई हैं। न्यूजीलैंड को टी20 अंतरराष्ट्रीय शृंखला में 2-3 से हार का सामना करना पड़ा था जबकि तीन मैच के बाद वह एकदिवसीय शृंखला में 0-2 से पीछे है। अनुभवी तेज गेंदबाज मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन चोटों के कारण टीम से बाहर हैं जबकि ब्लेयर टिकनर को भी पिछले मैच में हाथ में चोट लग गई थी।

तीसरे एकदिवसीय मुकाबले के टॉस से पहले मेजबान प्रसारकों से बातचीत में जेमीसन ने कहा, ‘‘यह थोड़ा निराशाजनक है। आप हमेशा एक जैसी गेंदबाजी इकाई उतारने की कोशिश करते हैं जिससे कि खिलाड़ियों के बीच आपसी तालमेल और सामंजस्य विकसित हो सके। हमें उतने मैच साथ खेलने का मौका नहीं मिला जितना हम चाहते थे।

लेकिन उम्मीद है कि अगले कुछ सप्ताह में हम सभी एक साथ मैदान पर उतरेंगे और लगातार कुछ मैच खेल सकेंगे।’’ खराब मौसम के कारण तीसरा एकदिवसीय रद्द कर दिया गया। ठंड और बारिश के बीच वेलिंगटन में खेले गए दूसरे मुकाबले में जेमीसन ने अपनी स्विंग, सीम और उछाल से भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया था और तीन विकेट हासिल किए थे। उन्होंने कहा, ‘‘मैं बस मौसम और परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की कोशिश कर रहा हूं।

यह समझने की कोशिश रहती है कि परिस्थितियां कैसी होंगी और किस तरह विपक्षी टीम पर थोड़ा दबाव बनाया जा सकता है।’’ जेमीसन इस शृंखला में पिचों से गेंदबाजों को मिल रही मदद से खुश हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले वे ऐसी सपाट पिचों पर खेले जहां 10 से कम की इकोनामी दर हासिल करना भी अच्छा प्रदर्शन माना जाता है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे ऐसी पिचें बहुत पसंद हैं।

मैं ऐसी पिचों पर खेलने का आदी हूं जहां अगर आपकी इकोनॉमी दर 10 से कम रहती है तो आप अच्छा दिन गुजार रहे होते हैं। इसलिए यह अच्छा है कि अब परिस्थितियां हमारे पक्ष में थोड़ी मददगार हैं।’’ जेमीसन ने स्वीकार किया कि सीमित ओवरों के इतने सारे मुकाबले खेलने के बाद टेस्ट प्रारूप में ढलने के लिए कुछ समय की जरूरत होती है। उन्होंने कहा, ‘‘इसमें थोड़ा समय लगता है लेकिन आपको अपनी तैयारी और प्रक्रिया पर भरोसा रखना होता है।

इसके बाद खुद को खेल के हवाले कर देना होता है और यह स्वीकार करना होता है कि मुकाबले में जो भी हो उसके लिए तैयार रहना है।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़