Wimbledon में बड़ा उलटफेर: Naomi Osaka ने World No.1 Sabalenka को हराकर Quarter-final में बनाई जगह

Naomi Osaka
Instagram @naomiosaka

विम्बलडन महिला एकल में नाओमी ओसाका ने शीर्ष वरीयता प्राप्त एरीना सबालेंका को पराजित कर अंतिम आठ में जगह बनाई, जबकि मौजूदा चैंपियन क्रेजिकोवा भी बाहर हो गईं। इन नतीजों से यह तय हो गया है कि इस बार टूर्नामेंट को एक नई महिला चैंपियन मिलेगी।

जापान की नाओमी ओसाका ने विम्बलडन में इस साल के बहुप्रतीक्षित मुकाबले में विश्व नंबर एक एरीना सबालेंका को 6-2, 7-6 से हराकर पहली बार इस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। मुकाबले से पहले सबालेंका इस वर्ष तीनों भिड़ंतों में ओसाका को हरा चुकी थीं, जिनमें पिछले महीने फ्रेंच ओपन के इसी दौर का मुकाबला भी शामिल था। ओसाका ने मैच के शुरुआती सेट में अपना सब कुछ झोक दिया और उनकी यह रणनीति कारगर रही।

ओसाका की तेज और सपाट ग्राउंडस्ट्रोक्स के सामने सबालेंका बेबस नजर आईं। ओसाका ने कहा, ‘‘क्ले कोर्ट पर मुझे लगा कि वह लगातार मुझे बैकफुट पर धकेल रही थीं। इस बार मेरी कोशिश थी कि मैं पहले उन पर दबाव बनाऊं।’’ जीत के बाद ओसाका ने मुट्ठियां लहराकर जश्न मनाया, मुस्कुराईं और रैकेट सिर के ऊपर उठाकर घूमते हुए सेंटर कोर्ट पर अपने करियर की पहली जीत का उत्सव मनाया। सबालेंका ने हार स्वीकार करते हुए कहा, ‘‘उन्होंने अपनी ताकत से मुझे पूरी तरह दबा दिया। उनका खेल अविश्वसनीय स्तर का था।’’

अंतिम आठ में ओसाका के सामने अब कारोलिना मुचोवा की चुनौती होगी। मुचोवा ने मौजूदा चैंपियन बारबोरा क्रेजिकोवा को 7-5, 5-7, 6-3 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। इसके परिणाम के साथ यह भी तय हो गया कि इस बार विम्बलडन महिला एकल में नया चैंपियन मिलेगा। महिला एकल के अन्य मुकाबले में अमेरिका की कोको गॉफ ने बेलिंडा बेनचिच को 4-6, 6-3, 6-4 से हराकर पहली बार विम्बलडन के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अब उनका सामना हमवतन जेसिका पेगुला से होगा, जिन्होंने अमेरिका की एक अन्य खिलाड़ी ईवा जोविच को 4-6, 6-3, 6-1 से पराजित किया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़