National Games से पहले Meghalaya को सौगात, Mandaviya ने 150 करोड़ के High-Altitude Sports Center का किया ऐलान

Mansukh Mandaviya
ANI

खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने मेघालय में 39वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए 150 करोड़ रुपये के हाई-एल्टीट्यूड ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना की घोषणा की। इस बैठक में डोपिंग के खिलाफ जागरूकता और पूर्वोत्तर में खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने अगले साल होने वाले 39वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारी की समीक्षा बैठक में तैयारियों पर संतोष जताया और प्रदेश में 150 करोड़ रूपये की लागत से ऊंचाई पर अभ्यास केंद्र स्थापित करने की भी घोषणा की। बैठक में मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा, केंद्रीय खेल और युवा कार्य राज्य मंत्री रक्षा खड़से, भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पी टी उषा, राज्य के खेलमंत्री वैलाद्मिकी शायला और पूर्वोत्तर के आठ राज्यों के खेल अधिकारी मौजूद थे। मांडविया ने खेल

मंत्रालय द्वारा जारी बयान में कहा ,‘ मैने मेघालय में होने वाले 39वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों और बुनियादी ढांचे की समीक्षा की है और मैं पूरे यकीन से कह सकता हूं कि राष्ट्रीय खेल 2024 सफलता का नया अध्याय लिखेंगे।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ राष्ट्रीय खेलों के जरिये डोपिंग को लेकर जागरूकता फैलाई जानी चाहिये। खिलाड़ियों को डोपिंग के नुकसान के बारे में बताना जरूरी है।’’ बैठक के दौरान प्रदेश में खेलों के बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं , आयोजन स्थलों की तैयारियों के बारे में भी जानकारी दी गई। तीन दिन के पूर्वोत्तर दौरे पर आये मांडविया ने एकीकृत बहुउद्देश्यीय खेल इंडोर हॉल का भी उद्घाटन किया।

उन्होंने कहा कि यह सुविधा युवा एथलीटों के लिए नए अवसर खोलेगी और मेघालय तथा व्यापक पूर्वोत्तर क्षेत्र में खेलों के भविष्य को संवारने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा ,‘‘पूर्वोत्तर आज भारत की आबादी का केवल लगभग चार प्रतिशत है, फिर भी देश के सभी खेलो इंडिया केंद्रों में से लगभग 25 प्रतिशत इसी क्षेत्र में स्थित हैं। इससे पूर्वोत्तर की अपार खेल क्षमता को उजागर करने की सरकार की दृढ प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़