Asian Champions Trophy: भारतीय महिला हॉकी टीम को मध्य प्रदेश सरकार देगी 1 करोड़ रुपये

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्टेडियम में फाइनल मुकाबले में चीन को 3-1 से हराकर भारतीय महिला हॉकी टीम ने खिताब अपने नाम किया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने टीम को बधाई देते हुए प्रत्येक खिलाड़ी को पांच लाख और सहयोगी स्टाफ को ढाई लाख रुपये देने की भी घोषणा की।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए एक करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की है। भारतीय महिला टीम ने यहां खेले गए टूर्नामेंट के फाइनल में चीन को 3-1 से हराया। भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्टेडियम में शनिवार रात यादव ने भारतीय टीम को ट्रॉफी सौंपी और खिलाड़ियों को जीत पर बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की और कहा कि इससे भारतीय हॉकी के सुनहरे अतीत की यादें ताज़ा हो गई। उन्होंने टीम के लिए एक करोड़ रुपये के अलावा प्रत्येक खिलाड़ी को पांच-पांच लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ को 2.5 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा, ‘‘इस आर्थिक प्रोत्साहन का मकसद खिलाड़ियों को अच्छा प्रदर्शन जारी रखने, देश का नाम रोशन करने तथा और भी ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित करना है।‘‘ यादव ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ के अध्यक्ष तैयब इकराम से जनवरी-फरवरी में होने वाले विश्व कप की मेजबानी मध्यप्रदेश को सौंपने का भी आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश इस प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए तैयार है और अपने संसाधनों व सुविधाओं का इस्तेमाल करके वैश्विक स्तर की प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन करने की पूरी कोशिश करेगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़