Japan Open Analysis: PV Sindhu की तकनीक सफल, लेकिन Injury के चलते Satwik-Chirag टूर्नामेंट से बाहर

जापान ओपन में पीवी सिंधू की प्रभावशाली शुरुआत और सात्विक-चिराग की जोड़ी का चोट के कारण हटना भारतीय बैडमिंटन के लिए मिश्रित परिणाम लेकर आया है। सात्विक की कंधे की चोट आगामी विश्व चैंपियनशिप की तैयारियों के लिहाज से एक चिंताजनक पहलू है जिस पर टीम प्रबंधन विश्लेषण कर रहा है। पीवी सिंधू की जीत और जापान ओपन बैडमिंटन अपडेट्स सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे हैं।
सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी के कंधे की समस्या के कारण उन्हें और चिराग शेट्टी को मंगलवार को यहां जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में मैच के बीच से हटना पड़ा जबकि दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने मलेशिया की वोंग लिंग चिंग पर सीधे गेम में जीत दर्ज करके महिला एकल के दूसरे दौर में जगह बनाई। सात्विक और चिराग की विश्व में चौथे नंबर की जोड़ी ने सिंगापुर ओपन जीतकर दो साल से चले आ रहे खिताबी सूखे को खत्म किया था। इसके बाद उन्होंने इंडोनेशिया ओपन में भाग नहीं लिया था।
जापान ओपन में उन्होंने डेनमार्क के डेनियल लुंडगार्ड और मैड्स वेस्टरगार्ड से पहला गेम 19-21 से हारने के बाद हटने का फैसला किया। भारतीय टीम के मुख्य युगल कोच टैन किम हर ने कहा कि भारतीय जोड़ी अगले सप्ताह होने वाले चीन ओपन में हिस्सा नहीं लेगी और अगस्त में भारत में होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए अपनी फिटनेस हासिल करने के लिए चोट से उबरने की प्रक्रिया पर ध्यान देगी। उन्होंने कहा, ‘‘सात्विक को ठीक होने में अभी कुछ समय लगेगा। विश्व चैंपियनशिप से पहले हमें कम से कम चार सप्ताह का समय मिलेगा जिससे हम पुरानी लय हासिल कर सकते हैं।’’
इससे पहले विश्व रैंकिंग में नंबर 10 पर काबिज सिंधू ने अपने सहज खेल का प्रदर्शन करते हुए पहले दौर में विश्व रैंकिंग में नंबर 37 पर काबिज वोंग को 21-14 21-11 से हराया। भारत के ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो ने भी अपने मिश्रित युगल मुकाबले में स्कॉटलैंड के एलेक्जेंडर डन और जूली मैकफर्सन को 21-16, 21-14 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। हालांकि रोहन कपूर और रुत्विका शिवानी गड्डे पहले ही दौर में शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन के फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग से 11-21, 10-21 से हारने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
सिंधू ने शुरुआत से ही खेल पर अपना दबदबा बनाए रखा और रैलियों की गति को नियंत्रित करते हुए 7-4 की बढ़त हासिल कर ली। हालांकि वोंग ने संघर्ष जारी रखने की कोशिश की, लेकिन उनकी गलतियों ने भारतीय खिलाड़ी को लगातार आगे बढ़ने का मौका दिया। सिंधू ने इंटरवल तक 11-6 की बढ़त बना ली। भारतीय खिलाड़ी रैलियों में सहज दिख रही थीं और उन्होंने अपने स्ट्रोक्स को प्रभावी ढंग से लगाकर अपनी बढ़त को 14-9 तक पहुंचा दिया।
उनके बैकहैंड नेट ड्रिबल, ड्रॉप शॉट और हाफ-स्मैश सटीक रहे। एक सीधे शॉट से सिंधू को सात गेम प्वाइंट मिले, और उन्होंने दूसरे पर पहला गेम अपने नाम कर लिया। सिंधू ने दूसरे गेम में भी शुरू से आक्रामक रवैया अपनाया और मलेशिया की खिलाड़ी को कोई मौका नहीं दिया। भारतीय खिलाड़ी ने जल्द ही 8-2 की बढ़त हासिल कर ली। सिंधू इंटरवल तक 11-3 से आगे थी। इसके बाद भी उन्होंने बड़ा अंतर बनाए रखा और फिर 10 मैच प्वाइंट हासिल किए। भारतीय खिलाड़ी ने दूसरे मैच प्वाइंट पर मैच अपने नाम कर दिया।
अन्य न्यूज़














