Prabhasakshi NewsRoom: Neeraj Chopra ने फिर रचा इतिहास, विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय बने

Neeraj Chopra
ANI

हम आपको बता दें कि निशानेबाज अभिनव बिंद्रा के बाद एक ही समय पर ओलंपिक और विश्व चैम्पियनशिप जीतने वाले चोपड़ा दूसरे भारतीय बन गए। बिंद्रा ने 23 वर्ष की उम्र में विश्व चैम्पियनशिप और 25 वर्ष की उम्र में ओलंपिक स्वर्ण जीता था।

ओलंपिक चैम्पियन नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए भारत के खाते में स्वर्ण डाल दिया है। हम आपको बता दें कि विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में नीरज चोपड़ा स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। नीरज चोपड़ा ने पुरुषों की भालाफेंक स्पर्धा में 88.17 मीटर के थ्रो के साथ यह उपलब्धि हासिल की। नीरज चोपड़ा की इस उपलब्धि के साथ ही देशभर में जश्न का माहौल देखा जा रहा है और नीरज चोपड़ा को बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है। नीरज चोपड़ा की इस कामयाबी पर जहां उनके माता-पिता ने प्रसन्नता जताई है वहीं राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों, राज्यों के मंत्रियों, विभिन्न दलों के नेताओं और खेल तथा अन्य क्षेत्रों की लोकप्रिय हस्तियों के अलावा आम लोग भी नीरज चोपड़ा की बढ़-चढ़कर सराहना कर रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नीरज चोपड़ा को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय खेलों के इतिहास में एक और सुनहरा पन्ना लिख दिया है। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्हे बधाई देते हुए कहा कि नीरज चोपड़ा ने विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय बनकर भारतीय खेलों के इतिहास में एक और सुनहरा पन्ना जोड़ दिया। बुडापेस्ट में भालाफेंक फाइनल में उनका बेहतरीन प्रदर्शन हमारे लाखों युवाओं को प्रेरित करेगा।’’ वहीं नीरज के माता-पिता ने कहा है कि यह जीत सभी भारतीयों को प्रेरणा देने वाली है।

जहां तक खेल की बात है तो आपको बता दें कि भालाफेंक फाइनल में भारत का इस कदर दबदबा था कि शीर्ष छह में तीन भारत के खिलाड़ी थे और ऐसा विश्व चैम्पियनशिप में पहली बार हुआ है कि शीर्ष आठ में तीन भारतीय रहे हों। 25 वर्ष के नीरज चोपड़ा ने पहला प्रयास फाउल रहने के बाद दूसरे में सर्वश्रेष्ठ थ्रो फेंका। इसके बाद उन्होंने 86.32 मीटर, 84.64 मीटर, 87.73 मीटर और 83.98 मीटर के थ्रो फेंके। नीरज चोपड़ा ने फाउल के साथ खेल शुरू किया लेकिन दूसरे प्रयास में बढत बनाई जो अंत तक कायम रही।

इसे भी पढ़ें: World Athletics Championships: पेरिस ओलंपिक के लिए नीरज चोपड़ा ने किया क्वॉलीफाइ, पहले ही प्रयास में फाइनल में एंट्री

हम आपको बता दें कि निशानेबाज अभिनव बिंद्रा के बाद एक ही समय पर ओलंपिक और विश्व चैम्पियनशिप जीतने वाले नीरज चोपड़ा दूसरे भारतीय बन गए हैं। अभिनव बिंद्रा ने 23 वर्ष की उम्र में विश्व चैम्पियनशिप और 25 वर्ष की उम्र में ओलंपिक स्वर्ण जीता था। तोक्यो में 2021 ओलंपिक में एथलेटिक्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा पहले भारतीय बने थे। उन्होंने 2022 में यूजीन में विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक जीता था। उनसे पहले लंबी कूद में अंजू बॉबी जॉर्ज ने 2003 में पेरिस विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीता था। एक ही समय पर ओलंपिक और विश्व खिताब जीतने वाले वह तीसरे भालाफेंक खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले चेक गणराज्य के जान जेलेज्नी और नॉर्वे के आंद्रियास टी यह कारनामा कर चुके हैं। जेलेज्नी ने 1992, 1996 और 2000 में ओलंपिक खिताब जीते जबकि 1993, 1995 और 2001 में विश्व चैम्पियनशिप जीती थी। आंद्रियास ने 2008 ओलंपिक और 2009 विश्व चैम्पियनशिप जीते थे।

अब नीरज चोपड़ा के नाम खेल के सारे खिताब हो गए हैं। उन्होंने एशियाई खेल (2018), राष्ट्रमंडल खेल (2018) स्वर्ण के अलावा चार डायमंड लीग खिताब और पिछले साल डायमंड लीग चैम्पियन ट्रॉफी जीती। वह 2016 में जूनियर विश्व चैम्पियन रहे और 2017 में एशियाई चैम्पियनशिप खिताब जीता।

दूसरी ओर, ओलंपिक चैम्पियन भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से लेकर समूचे खेल जगत, राजनेताओं और नामचीन हस्तियों ने सोशल मीडिया पर बधाई दी है। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि नीरज चोपड़ा ने फिर कर दिखाया। उन्होंने कहा कि पूरे देश को आपकी उपलब्धियों पर गर्व है। यह पल भारतीय खेलों के इतिहास में हमेशा याद रखा जायेगा।’’

अभिनव बिंद्रा ने कहा कि बुडापेस्ट में विश्व चैम्पियनशिप में नीरज चोपड़ा को जीत दर्ज करने देखकर अपार गर्व का अनुभव हुआ। तुम्हारी प्रतिबद्धता और परिश्रम सभी के लिये मिसाल है। बधाई हो विश्व चैम्पियन। आपके जैसे सितारों के रहते भारत और चमक रहा है।’’ महान एथलीट और भारतीय ओलंपिक संघ अध्यक्ष पीटी उषा ने कहा कि विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में स्वर्ण जीतने पर नीरज चोपड़ा को बधाई। आप इस गोल्डन टच के साथ देश के लिये आगे भी उपलब्धियां हासिल करते रहे। हमेशा आशीष।’’ 

पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने कहा कि फेंको तो ऐसे फेंको कि चार लोग बोले क्या फेंका है यार। 88.17 मीटर दूर भाला फेंका और हमारे चैम्पियन नीरज चोपड़ा ने विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में स्वर्ण जीता। जीत का सिलसिला जारी है।’’ भारतीय सेना ने कहा कि भारतीय सेना सूबेदार नीरज चोपड़ा को विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप बुडापेस्ट में स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई देती है। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को बुडापेस्ट विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने की बधाई। आप अपने खेल कैरियर में ऐसी ही बुलंदियों को छूकर देश को गौरवान्वित करते रहें। भविष्य के लिये शुभकामनायें।’’

भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) ने कहा कि विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में नीरज चोपड़ा ने ऊंचे मानक कायम किये। उन्होंने 88.17 मीटर के थ्रो के साथ इतिहास का रूख बदलते हुए स्वर्ण पदक जीता। इसके साथ ही वह विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय बन गए। एक समय पर विश्व चैम्पियनशिप, डायमंड लीग और ओलंपिक स्वर्ण जीतने वाले पहले खिलाड़ी। सलाम नीरज चोपड़ा।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़