World Cup Snooker में भारत ए ने पाकिस्तान बी को 3-2 से हराकर जीता खिताब

मस्कट में आयोजित खिताबी मुकाबले में पंकज आडवाणी और आदित्य मेहता की जोड़ी ने पाकिस्तान बी को कड़े संघर्ष में मात दी। भारतीय टीम ने शुरुआती दो फ्रेम जीतकर 2-0 की बढ़त बनाई थी, लेकिन प्रतिद्वंद्वी टीम ने 2-2 की बराबरी कर ली। इसके बाद निर्णायक फ्रेम में मेहता के 46 अंक के ब्रेक ने टीम को जीत दिलाई।
कई बार के विश्व चैंपियन पंकज आडवाणी और आदित्य मेहता के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ए ने रविवार को मस्कट में पाकिस्तान बी को 3-2 से हराकर विश्व कप स्नूकर का खिताब अपने नाम किया। पिछले साल की हार का बदला चुकता करते हुए सेमीफाइनल में पाकिस्तान ए को हराने वाली भारतीय टीम ने खिताबी मुकाबले में शानदार शुरुआत की और पांच फ्रेम के मुकाबले में शुरुआती दो फ्रेम जीतकर 2-0 की बढ़त बना ली। आडवाणी ने मुबाशिर रजा के खिलाफ पहला फ्रेम जीता।
इस दौरान उन्होंने 71 अंकों का शानदार ब्रेक बनाया। इसके बाद मेहता ने व्यक्तिगत चैंपियन राणा इरफान के खिलाफ 104 अंकों के दमदार ब्रेक के साथ भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। इस समय भारतीय टीम की एकतरफा जीत तय लग रही थी लेकिन कुछ गलतियों के कारण टीम ने अपनी बढ़त गंवा दी।
नॉकआउट चरण में अपने सभी मुकाबले जीतने वाले मेहता के पास युगल मुकाबला समाप्त करने का अच्छा मौका था लेकिन टेबल पर बिखरी लाल गेंदों के बीच वह सेंटर पॉकेट में नीली गेंद डालने से चूक गए। रजा ने इस गलती का फायदा उठाते हुए 99 अंक के शानदार ब्रेक के साथ पाकिस्तान को वापसी कराई। इसके बाद आडवाणी भी चूक गए।
लाल गेंद पर उनका शॉट सही तरीके से नहीं लगा जिसका फायदा उठाकर दबाव में खेल रहे इरफान ने 64 अंक का ब्रेक बनाकर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। निर्णायक फ्रेम में हालांकि विश्व खेलों के पूर्व स्वर्ण पदक विजेता और आठ साल से अधिक समय से पेशेवर स्नूकर खेल रहे मेहता ने अहम मौके पर शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 46 अंक का ब्रेक बनाया और फिर रजा की चूक का फायदा उठाकर जीत दर्ज की।
अन्य न्यूज़













