Google का Game-Changer अपडेट: 25 करोड़ कारों में Android Auto बदलेगा ड्राइविंग का पूरा एक्सपीरियंस

एंड्रॉयड ऑटो में हुए बड़े बदलावों से अब कार चलाना पहले से ज़्यादा आसान होगा, जिसमें नया मटेरियल 3 डिज़ाइन, पर्सनलाइज्ड स्क्रीन और बेहतर गूगल मैप्स शामिल हैं। गूगल के इस अपडेट में जेमिनी एआई, इन-कार यूट्यूब और डॉल्बी एटमॉस ऑडियो जैसी नई तकनीकें भी जोड़ी गई हैं, जो ड्राइविंग और मनोरंजन के अनुभव को बेहतर बनाएंगी।
अब कार चलाने का अनुभव पहले से ज्यादा स्मार्ट और आधुनिक होने वाला हैं। गूगल ने एंड्रॉयड ऑटो और गूगल बिल्ट-इन सिस्टम वाली कारों के लिए कई बड़े अपडेट पेश किए हैं। कंपनी का दावा है कि इन नए फीचर्स से दुनियाभर की 25 करोड़ से ज्यादा कारों में ड्राइविंग अनुभव बेहतर और ज्यादा सुविधाजनक बनेगा।
मौजूद जानकारी के अनुसार, एंड्रॉयड ऑटो को अब नया “मटेरियल 3 एक्सप्रेसिव” डिजाइन दिया गया हैं, जो आधुनिक स्मार्टफोन इंटरफेस जैसा दिखाई देगा। ड्राइवर अपनी कार की स्क्रीन को अपनी पसंद के अनुसार बदल सकेंगे। इसमें मौसम की जानकारी, पसंदीदा संपर्क, बड़ी घड़ी और यहां तक कि पालतू जानवरों की तस्वीरें भी स्क्रीन पर दिखाई जा सकेंगी।
बता दें कि नई प्रणाली अलग-अलग आकार की स्क्रीन के हिसाब से खुद को ढाल लेगी। चाहे गोल डिस्प्ले हो या बड़ी चौड़ी स्क्रीन, हर जगह साफ और व्यवस्थित जानकारी दिखाई देगी ताकि ड्राइविंग के दौरान ध्यान भटकने की संभावना कम रहे।
गूगल मैप्स में भी बड़ा बदलाव किया गया हैं। अब नक्शे पहले से ज्यादा स्पष्ट और त्रिआयामी अंदाज में दिखाई देंगे। इमारतें, पुल, ट्रैफिक सिग्नल, लेन और रास्तों की जानकारी ज्यादा साफ नजर आएगी। इससे जटिल मोड़ों और व्यस्त सड़कों पर रास्ता समझना आसान होगा।
गौरतलब है कि कुछ गाड़ियों में आगे लगे कैमरों की मदद से लाइव लेन गाइडेंस भी मिलेगा। यह फीचर ड्राइवर को सही लेन चुनने और समय पर मोड़ लेने में मदद करेगा।
मनोरंजन के लिए भी कई नए विकल्प जोड़े गए हैं। इस साल के आखिर तक कुछ चुनिंदा कारों में यूट्यूब वीडियो चलाने की सुविधा दी जाएगी। यह सुविधा बीएमडब्ल्यू, फोर्ड, जेनेसिस, हुंडई, किया, महिंद्रा, मर्सिडीज, रेनॉ, स्कोडा, टाटा और वोल्वो जैसी कंपनियों की गाड़ियों में उपलब्ध होगी। हालांकि सुरक्षा कारणों से वीडियो केवल गाड़ी पार्क होने या चार्जिंग के दौरान ही चल सकेंगे।
इसके अलावा डॉल्बी एटमॉस ऑडियो और संगीत ऐप्स के लिए नया इंटरफेस भी जोड़ा जा रहा हैं, जिससे कार में संगीत सुनने का अनुभव और बेहतर होगा।
गूगल की जेमिनी एआई भी अब इन सिस्टम का अहम हिस्सा बनने जा रही हैं। एंड्रॉयड ऑटो में यह संदेश, ईमेल और कैलेंडर से जानकारी लेकर ड्राइवर की मदद करेगी। वहीं गूगल बिल्ट-इन कारों में यह गाड़ी से जुड़े सवालों के जवाब भी दे सकेगी, जैसे डैशबोर्ड पर दिखने वाली चेतावनी का मतलब या सामान रखने की जगह की जानकारी।
जानकारों का मानना है कि इलेक्ट्रिक और स्मार्ट कारों की बढ़ती मांग के बीच गूगल का यह अपडेट ऑटोमोबाइल तकनीक को नई दिशा दे सकता हैं। खासतौर पर भारत में महिंद्रा और टाटा जैसी कंपनियों की गाड़ियों में इन सुविधाओं का आना ग्राहकों के लिए बड़ा बदलाव माना जा रहा हैं।
अन्य न्यूज़














