कभी खाए हैं चपाती नूडल्स, रोटी उपमा, रोटी खिचड़ी?

[email protected] । Oct 13 2016 4:40PM

कभी−कभी जब आटा ज्यादा होता है तो गृहणियां यह सोच रोटियां अधिक बना लेती हैं कि बाद में भूख लगने पर वह उसे खा लेंगी। लेकिन ऐसा होता नहीं है और फिर उन रोटियों को फेंकने के सिवाय दूसरा कोई रास्ता नहीं बचता।

अब रोटी खाएं नए अंदाज में

रोज−रोज एक ही तरह का खाना खाकर अक्सर मन ऊब जाता है। ऐसे में मन करता है कुछ अलग खाने का। अगर आप भी कुछ नया व्यंजन खाना चाहती हैं तो इसके लिए आपको मार्केट या होटल का रूख करने की आवश्यकता नहीं है। अगर आप चाहें तो आप अपने बचे हुए खाने से ही एक अलग तरह की डिश बना सकती हैं। खासतौर से, जब बात रोटियों की हों तो रोटियां तो हर घर में बनती ही हैं। कभी−कभी जब आटा ज्यादा होता है तो गृहणियां यह सोच रोटियां अधिक बना लेती हैं कि बाद में भूख लगने पर वह उसे खा लेंगी। लेकिन ऐसा होता नहीं है और फिर उन रोटियों को फेंकने के सिवाय दूसरा कोई रास्ता नहीं बचता। लेकिन अब आप उसे नए अंदाज में बना और खा सकती हैं। तो आईए जानते हैं बची हुई रोटियों को नए तरह से इस्तेमाल करने के बारे में−

मसाला रोटी

वैसे अगर आप रोटी को नए अंदाज में खाना चाहती हैं तो मसाला रोटी भी ट्राई कर सकती हैं। लेकिन इसके लिए आपकी रोटी पापड़ की ही तरह क्रिस्पी होनी चाहिए। मसाला रोटी के जरिए आप बच्चों को वेजीटेबल भी आसानी से खिला पाएंगी। रोटी को क्रिस्पी करने के लिए आप रोटियों को दो मिनट के लिए ओवन में रख दीजिए। अब रोटी को प्लेट में रखें। अब इसके ऊपर बारीक कटा टमाटर, प्याज, खीरा डालें। बाद में इसके ऊपर लाल मिर्च, काला नमक व चाट मसाला छिड़कें। क्रंची लुक के लिए इसके ऊपर सेव भी रखे जा सकते हैं। गार्निश करने के लिए हरे धनिए का प्रयोग करें। आप इस मिश्रण को पहले एक बाउल में तैयार करके भी रोटी के ऊपर रख सकती हैं। अगर आप खुद के लिए इसे बना रही हैं और आपको थोड़ा ज्यादा चटपटा व क्रंची खाने की आदत है तो आप इसमें पुदीने की चटनी, मीठी चटनी, नींबू का रस, मूंगफली के दाने व अनार के दाने भी मिक्स कर सकती हैं। 

चपाती मसाला नूडल्स

अगर आप बच्चों को बाहर के नूडल्स खिलाने से डरती हैं तो घर पर ही चपाती मसाला नूडल्स बनाना एक अच्छा आईडिया हो सकता है। यकीन मानिए, इसे देखकर बच्चे खुश हो जाएंगे और आपको उन्हें रोटी खिलाने के लिए बहुत अधिक मेहनत भी नहीं करनी पड़ेगी। इसके लिए आप लगभग दस से बारह रोटियों को नूडल्स की शेप में लम्बा−लम्बा काट लें। अब टमाटर, प्याज और शिमला मिर्च को भी पतला व लम्बा काट लें। अब एक पैन में मक्खन गर्म करें। अब इसमें प्याज व शिमला मिर्च डालकर उन्हें हल्का भूनें। अब इसमें लहसन, टमाटर, हल्दी पाउडर व लाल मिर्च डालें और लगभग 3 से 5 मिनट तक चलाएं। अब इसमें काला नमक, पावभाजी मसाला व नमक मिक्स करें। अंत में इसमें रोटी की स्टाइप्स डालकर अच्छे से टॉस करें। इसे गर्म−गर्म सर्व करें। आप इसे गार्निश करने के लिए हरे धनिए व नींबू के टुकड़ों का प्रयोग कर सकती हैं।

रोटी उपमा

अगर आपकी भी रात की रोटियां बच गई हैं तो क्यों न इनसे आप सुबह के नाश्ते में उपमा बना लें। आपको एक हेल्दी ब्रेकफास्ट भी मिल जाएगा और आपकी बची हुई रोटियां भी इस्तेमाल हो जाएंगी। रोटी से उपमा बनाने के लिए सबसे पहले रोटी को छोटे−छोटे टुकड़ों में तोड़ लीजिए। अब प्याज, हरी मिर्च व शिमलामिर्च को छोटा−छोटा काट लीजिए। आप चाहें तो इसमें प्याज का इस्तेमाल भी कर सकती हैं। अब एक पैन में घी डालकर हींग व जीरे का तड़का लगाएं। अब इसमें हरी मिर्च, कटे हुए प्याज कुछ मिनट के लिए डालकर मिक्स कीजिए। अब आप इसमें मूंगफली व तिल के बीज डालिए और इन्हें कम आंच पर गोल्डन ब्राउन होने तक रोस्ट कीजिए। अब इसमें शिमला मिर्च डालकर चलाएं। अब इसमें रोटी के टुकड़े डालकर मन्दी आंच पर अच्छे से मिक्स कीजिए। आपका चपाती उपमा तैयार है। इसे सजाने के लिए आप कटे हुए हरे धनिए का प्रयोग कर सकती हैं।

रोटी खिचड़ी 

यह छोटे बच्चों के लिए एक पौष्टिक आहार हो सकता है और उन्हें पता भी नहीं चलेगा कि उन्होंने रोटियां खाई हैं या फिर आप इसे सुबह के नाश्ते या शाम के स्नैक टाइम में भी खा सकती हैं। इसे बनाने के लिए आप सबसे पहले बची हुई रोटियों को दो मिनट के लिए ओवन में रखें। इससे वह क्रिस्पी हो जाएंगी। अब इन्हें तोड़ें और मिक्सर में डालकर बारीक पाउडर बना लें। अब इस पाउडर को एक बाउल में निकाल लें और इसमें दूध, चीनी, शहद, दालचीनी पाउडर मिलाकर अच्छे से मिक्स करें। अगर आपको यह थोड़ा गाढ़ा लगे तो आप इसमें थोड़ा दूध और मिला सकती हैं। इसके बाद आप इसमें अपनी पसंद के फल जैसे सेब, केला या चीकू आदि भी काटकर मिक्स करें और इसमें कटे हुए डाईफूट जैसे बादाम, काजू, पिस्ता, किशमिश को भी गार्निशिंग के लिए इस्तेमाल कर सकती हैं।

मिताली जैन

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़