शाहरुख खान, अनिल कपूर, अक्षय कुमार सहित तमाम बॉलीवुड सितारो ने पुरुष हॉकी टीम को दी बधाई

 Bollywood

अभिनेता शाहरुख खान, अनिल कपूर, अक्षय कुमार, तापसी पन्नू सहित कई सितारों ने तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर भारतीय पुरुष हॉकी टीम को बृहस्पतिवार को बधाई दी।

मुंबई। अभिनेता शाहरुख खान, अनिल कपूर, अक्षय कुमार, तापसी पन्नू सहित कई सितारों ने तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर भारतीय पुरुष हॉकी टीम को बृहस्पतिवार को बधाई दी। गौरतलब है कि भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने बृहस्पतिवार को तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक के ‘प्ले ऑफ मैच’ में जर्मनी को 5-4 से हरा कर 41 साल बाद ओलंपिक पदक जीतते हुए इतिहास के पन्नों में एक बार फिर अपना नाम दर्ज करा लिया।

इसे भी पढ़ें: 1987 बैच के नौकरशाह राम सुभाग सिंह हिमाचल के मुख्य सचिव बने

शाहरुख खान ने टीम का बधाई देते हुए कहा, ‘‘ वाह। भारतीय पुरुष हॉकी टीम, शुभकामनाएं। दृढ़ चरित्र एंव कौशल का प्रदर्शन अपने उच्चतम पर। क्या रोमांचक मैच था।’’ अभिनेता अनिल कपूर ने भी टीम को बधाई दी और अपने दिवंगत पिता एवं निर्माता सुरेंद्र कपूर को याद किया। उन्होंने कहा, ‘‘ अद्भुत जीत.... काश मेरे पिता इस एतिहासिक दिन को देखने के लिए जिंदा होते... हॉकी पुरुष टीम आपका बहुत-बहुत शुक्रिया। बधाई।’’

इसे भी पढ़ें: मिशन 2022: भाजपा ने पश्चिम क्षेत्र के प्रकोष्ठों के संयोजक व सहसंयोजक के नामों का किया ऐलान

अक्षय कुमार ने ट्वीट किया, ‘‘ दोबारा इतिहास रचने के लिए भारतीय टीम को बधाई। 41 साल बाद ओलंपिक पदक जीता। क्या मैच था, क्या वापसी की। #टोक्यो2020।’’ तापसी पन्नू ने भी टीम की जीत की एक खबर साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘ कांस्य पद जीत लिया है।’’ अभिनेता राहुल बोस ने भी इंस्टाग्राम पर भारतीय टीम को बधाई दी। उन्होंने एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, ‘‘ भारत....अद्भुत...पुरुष हॉकी टीम... ओलंपिक कांस्य..बधाई हो। ओडिशा खेल विभाग समर्थन और विश्वास जताने के लिए शुक्रिया।’’ इनके अलावा, अदाकारा तमन्ना भाटिया, अमायरा दस्तूर, दक्षिण भारतीय फिल्मों के अभिनेता निविन पॉली, फिल्मकार मधुर भंडारकर ने भी भारतीय पुरुष हॉकी टीम को बधाई दी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़