काजोल ने कहा- वह हिटलर मां, लेकिन अजय बच्चों को बिगाड़ते हैं

i-am-a-hitler-mother-says-kajol
[email protected] । Sep 17 2018 9:05AM

बॉलीवुड अदाकारा काजोल ने रविवार को कहा कि वह अपने बच्चों पर सख्ती करती हैं लेकिन उनके पति अजय देवगन उन्हें बिगाड़ते हैं।

नयी दिल्ली। बॉलीवुड अदाकारा काजोल ने रविवार को कहा कि वह अपने बच्चों पर सख्ती करती हैं लेकिन उनके पति अजय देवगन उन्हें बिगाड़ते हैं। काजोल ने एनडीटीवी के विशेष कार्यक्रम ‘युवा’ में कहा कि वह एक हिटलर मां हैं। वह बहुत सख्त हैं लेकिन देवगन उतने सख्त नहीं हैं, लेकिन वह अब बदल रहे हैं। उन्हें अब इसका एहसास हो गया है कि सख्त बनना भी जरूरी होता है। वह बच्चों को ‘ना’ कहने के लिए हमेशा मां की तरफ नहीं देख सकते।

अभिनेत्री ने कहा कि बच्चों की परवरिश करने की कोई नियमावली नहीं होती और प्रशिक्षण भी इसमें मदद नहीं कर सकता है। काजोल ने कहा कि टीवी और फिल्मों ने एक आदर्श मां की तस्वीर गढ़ दी है और पहली बार मां बनी कई महिलाएं ये हासिल करने की कोशिश करती हैं। उन्होंने कहा, ‘एक आदर्श है। एक अच्छी मां खाना बनाती है, यह करती है, वो करती है। अपने बच्चों के लिए अपनी जिदंगी कुर्बान करती है। अगर आपका बच्चा सोचता है कि आप एक अच्छी मां हैं तो यह राय मायने रखती है।’

अभिनेत्री ने कहा कि सोशल मीडिया ने सबकुछ बदल दिया है और इसके प्रभाव से कोई भी अपने बच्चों को बचा नहीं सकता है। यौन उत्पीड़न के खिलाफ प्रसिद्ध ‘मीटू आंदोलन’ के बॉलीवुड से गायब रहने पर काजोल ने कहा कि यह आंदोलन सिर्फ सिनेमा जगत में नहीं बल्कि सभी क्षेत्रों में होना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘इसे सभी उद्योगों में अपनाए जाने की जरूरत है। यह एक उद्योग की समस्या नहीं है। सिर्फ इसलिए कि बॉलीवुड सुर्खियों में रहता है इसलिए आपसे बोलने की उम्मीद की जाती है।’ उन्होंने कहा, ‘आपको उस बर्ताव के लिए शर्मिंदा होने की जरूरत नहीं है, जिसका सामना आपको करना पड़ा है।’ 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़