The Kerala Story 2 की Release टली, केरल हाई कोर्ट ने Censor Board के नियमों पर उठाए सवाल

The Kerala Story 2
Instagram
एकता । Feb 26 2026 3:12PM

केरल हाई कोर्ट ने सेंसर बोर्ड की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए विवादास्पद फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' की रिलीज पर रोक लगा दी है। फिल्म के सेंसर सर्टिफिकेट को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई के बाद यह फैसला आया, जिसके खिलाफ निर्माता अब बड़ी बेंच में अपील करने की तैयारी में हैं।

रिलीज से ठीक एक दिन पहले 'द केरल स्टोरी 2' के निर्माताओं को बड़ा झटका लगा है। केरल हाई कोर्ट ने गुरुवार को फिल्म की रिलीज पर रोक लगा दी है। इस हफ्ते की शुरुआत में फिल्म के सेंसर सर्टिफिकेट को चुनौती देते हुए एक याचिका दायर की गई थी।

मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस बेचू कुरियन थॉमस ने आदेश दिया कि फिल्म अपनी तय तारीख यानी 27 फरवरी को रिलीज नहीं होगी। कोर्ट ने सेंसर बोर्ड की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि नियमों का ठीक से पालन नहीं किया गया।

इसे भी पढ़ें: दोस्त Salman Khan के पिता के लिए परेशान Aamir Khan, बोले- Salim साहब जल्द घर लौटें

दूसरी ओर, इंडिया टुडे ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया कि फिल्म के निर्माता इस रोक के खिलाफ केरल हाई कोर्ट की बड़ी बेंच का दरवाजा खटखटाने की तैयारी में हैं। सूत्रों के अनुसार, आज ही इसके खिलाफ अपील की जा सकती है। मेकर्स कोर्ट से जल्द से जल्द डिटेल्ड ऑर्डर की मांग कर रहे हैं ताकि वे इसे चुनौती दे सकें और फिल्म की रिलीज में ज्यादा देरी न हो।

विपुल अमृतलाल शाह द्वारा निर्मित और कामाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म अपने ट्रेलर के बाद से ही विवादों में है। फिल्म में दावा किया गया है कि हिंदू लड़कियों को धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया जाता है। कोर्ट ने सुनवाई के दौरान माना कि याचिकाकर्ताओं की चिंताएं जायज हो सकती हैं। एक बायोलॉजिस्ट श्रीदेव नंबूदरी ने आपत्ति जताई थी कि फिल्म में केरल की छवि को बेहद नकारात्मक दिखाया गया है, जिससे समाज पर बुरा असर पड़ सकता है। इस मामले में कोर्ट ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और सेंसर बोर्ड को भी नोटिस जारी किया है।

इसे भी पढ़ें: Accused: Homosexuality को 'इश्यू' नहीं, 'नॉर्मल' मानती है यह फिल्म, Konkona Sen Sharma ने रूढ़िवादिता पर उठाए सवाल

विवादों के बीच ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी 'द केरल स्टोरी'

'द केरल स्टोरी 2' से पहले साल 2023 में रिलीज हुई 'द केरल स्टोरी' भी अपनी रिलीज से पहले और बाद में भारी विवादों में घिरी रही थी। फिल्म में दावा किया गया था कि केरल की हजारों लड़कियों का धर्म परिवर्तन कराकर उन्हें आतंकी संगठन आईएसआईएस में शामिल किया गया, जिस पर केरल सरकार और कई संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई थी।

मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा, जहां फिल्म के दावों के आंकड़ों को लेकर सवाल उठाए गए और मेकर्स को डिस्क्लेमर बदलने का निर्देश दिया गया। पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में फिल्म के प्रदर्शन पर रोक भी लगाई गई थी।

हालांकि, इन तमाम विरोधों के बावजूद फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। महज 15-20 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने भारत में 240 करोड़ रुपये से अधिक और दुनियाभर में लगभग 300 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन कर इसे साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल कर दिया।

All the updates here:

अन्य न्यूज़