Bhadohi में CISF जवान पर हमला और फर्जी केस दर्ज कराने पर कोर्ट के आदेश से 4 पर FIR

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भदोही में अदालत के निर्देश पर पुलिस ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के सिपाही से मारपीट और आपत्तिजनक वीडियो बनाने के आरोप में चार लोगों पर मामला दर्ज किया है। पीड़ित जवान का आरोप है कि आरोपियों ने उस पर हमला करने के बाद छेड़खानी का झूठा केस दर्ज कराकर उसे थाने में बंद करवा दिया था। पुलिस अब भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

भदोही जिले में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक जवान से कथित तौर पर मारपीट करने और बाद में उसी के खिलाफ छेड़खानी का मामला दर्ज कराकर उसे गिरफ्तार करवाने के आरोप में अदालत के आदेश पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि घटना सुरियावां थाना क्षेत्र के सरदार बहुता गांव में 12 अगस्त 2026 को हुई थी।

उन्होंने बताया कि सीआईएसएफ में सिपाही के पद पर तैनात अजय यादव (34) ने इस मामले में 19 अगस्त को दीवानी न्यायाधीश (सीनियर डिवीजन) की अदालत में याचिका दायर की थी। अग्रवाल के मुताबिक, याचिका में अजय ने आरोप लगाया है कि 12 अगस्त को वह बाजार से अपने घर लौट रहे थे, तभी गांव के धीरेंद्र यादव (26), वीरेंद्र यादव (23), अमन यादव (20) और सरिता यादव (37) ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि चारों ने उनकी मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त कर दी और गाली-गलौज करते हुए उनसे मारपीट जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई।

याचिका के अनुसार, मारपीट के बाद तीनों पुरुष आरोपी उन्हें घसीटकर अपने घर के पीछे ले गए और कथित तौर पर निर्वस्त्र कर उनका वीडियो बना लिया। हालांकि, बाद में कुछ ग्रामीणों ने उन्हें आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया, कपड़े पहनाए और थाने भेज दिया। याचिका में आरोप लगाया गया है कि पुलिस ने अजय की शिकायत पर मामला दर्ज करने के बजाय उसे करीब 24 घंटे तक थाने में बैठाए रखा।

इसके बाद सरिता यादव की शिकायत पर अजय के खिलाफ छेड़खानी का मामला दर्ज कर 13 अगस्त को उसकी गिरफ्तारी दिखाते हुए उसे न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया। अग्रवाल ने बताया कि अदालत ने सात नवंबर को चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने का आदेश दिया था। उन्होंने बताया कि इसके अनुपालन में पुलिस ने नौ नवंबर की शाम भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66ई (निजता के उल्लंघन) के तहत मुकदमा दर्ज किया।

उन्होंने बताया कि जवान ने स्थानीय पुलिस पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़