Adani Green की बैटरी भंडारण क्षमता बढ़कर 6.63 GWh हुई

Adani Green की बैटरी भंडारण क्षमता बढ़कर 6.63 GWh हुई
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड ने अपने खावड़ा संयंत्र में परिचालन शुरू होने के महज 14 महीनों में 6.63 गीगावाट-घंटा की बैटरी भंडारण क्षमता तैयार कर ली है। यह क्षमता करीब 20 लाख घरों को पूरे एक दिन तक स्वच्छ बिजली उपलब्ध करा सकती है। कंपनी देश की कुल परिचालन बैटरी ऊर्जा भंडारण क्षमता के आधे से ज्यादा हिस्से का संचालन कर रही है।

नयी दिल्ली, एक अक्टूबर नवीकरणीय ऊर्जा कंपनी अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) की परिचालन बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (बीईएसएस) क्षमता बढ़कर 6.63 गीगावाट-घंटा हो गई है, जो करीब 20 लाख घरों को एक दिन तक स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध करा सकती है। कंपनी ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि इस क्षमता के साथ उसने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित अपने बीईएसएस क्षमता लक्ष्य का करीब 70 प्रतिशत हासिल कर लिया है। एजीईएल की परिचालन बीईएसएस क्षमता भारत की करीब 12.6 गीगावाट-घंटा की कुल परिचालन क्षमता का 50 प्रतिशत से अधिक है।

कंपनी ने कहा कि उसने खावड़ा में बीईएसएस इकाई का निर्माण शुरू होने के 14 महीनों में 6.63 गीगावाट-घंटा की क्षमता हासिल की है और वित्त वर्ष 2026-27 में 10 गीगावाट-घंटे से अधिक की क्षमता जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ रही है। एजीईएल खावड़ा में 538 वर्ग किलोमीटर के बंजर क्षेत्र में 30 गीगावाट क्षमता का नवीकरणीय ऊर्जा संयंत्र विकसित कर रही है। जून, 2026 तक एजीईएल की परिचालन बीईएसएस क्षमता 3.55 गीगावाट-घंटा थी।

कंपनी अगले पांच साल में अपनी ऊर्जा भंडारण क्षमता बढ़ाकर 50 गीगावाट-घंटा करना चाहती है। बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली में लिथियम-आयन बैटरी प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल किया जाता है। इसे ऊर्जा प्रबंधन प्रणाली और स्वचालित निगरानी प्रणाली से जोड़ा जाता है, जिससे बैटरी की चार्जिंग और डिस्चार्जिंग के प्रबंधन तथा प्रणाली के प्रदर्शन को बेहतर करने में मदद मिलती है।

एजीईएल के कार्यकारी निदेशक सागर अदाणी ने कहा कि केवल 14 महीने में 6.63 गीगावाट-घंटे की परिचालन बैटरी भंडारण क्षमता हासिल करना कंपनी और भारत के स्वच्छ ऊर्जा बदलाव के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि बिजली की मांग बढ़ने के साथ कंपनी अधिक मजबूत और कम-कार्बन वाले ग्रिड के लिए बैटरी और पंप स्टोरेज, दोनों तरह की ऊर्जा भंडारण क्षमता बढ़ाती रहेगी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़