Advent International यथार्थ हॉस्पिटल्स में खरीदेगी 24.9% हिस्सेदारी, CCI से मांगी मंजूरी

प्राइवेट इक्विटी फर्म एडवेंट इंटरनेशनल ने यथार्थ हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा केयर सर्विसेज में 24.9 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग में आवेदन किया है। यह निवेश साइप्रस स्थित फंड रासमलाई लिमिटेड के जरिए किया जाएगा। यथार्थ हॉस्पिटल्स इस पूंजी का इस्तेमाल अपने हेल्थकेयर नेटवर्क के विस्तार और विकास योजनाओं में करेगा।
नयी दिल्ली, दो अक्टूबर निजी इक्विटी कंपनी एडवेंट इंटरनेशनल ने यथार्थ हॉस्पिटल्स में 24.9 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) से मंजूरी मांगी है। अमेरिका स्थित एडवेंट इंटरनेशनल साइप्रस स्थित अपने निवेश कोष रासमलाई लिमिटेड के जरिये यह हिस्सेदारी खरीद रही है। प्रतिस्पर्धा आयोग में मंगलवार को दाखिल सूचना के अनुसार, ‘‘प्रस्तावित सौदे के तहत रासमलाई लिमिटेड, यथार्थ हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा केयर सर्विसेज लिमिटेड में हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगा।’’ अधिग्रहणकर्ता रासमलाई लिमिटेड के लिए इस सौदे का मुख्य उद्देश्य भारत के तेजी से बढ़ते स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में अपनी मौजूदगी का विस्तार करना और यथार्थ हॉस्पिटल की विस्तार योजनाओं को समर्थन देना है।
वहीं, यथार्थ हॉस्पिटल का लक्ष्य पूंजी निवेश का उपयोग अपनी वृद्धि रणनीतियों को वित्तपोषित करने और देशभर में अपने स्वास्थ्य सेवा नेटवर्क को मजबूत करने के लिए करना है। नोएडा स्थित यथार्थ हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा केयर सर्विसेज देश में अत्याधुनिक सुविधाओं वाले अस्पतालों का नेटवर्क संचालित करती है। नियामक को दिए अपने आवेदन में दोनों पक्षों (रासमलाई लिमिटेड और यथार्थ हॉस्पिटल्स) ने कहा कि प्रस्तावित सौदे से भारत में प्रतिस्पर्धी परिदृश्य में कोई बदलाव नहीं होगा और प्रतिस्पर्धा पर कोई उल्लेखनीय प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।
यथार्थ हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा केयर सर्विसेज ने पिछले महीने घोषणा की थी कि एडवेंट इंटरनेशनल ने कंपनी में 3,150 करोड़ रुपये की प्राथमिक पूंजी निवेश करने के लिए अंतिम समझौता किया है। सौदे की सामान्य शर्तें पूरी होने के बाद सौदा पूरा होने पर एडवेंट के यथार्थ हॉस्पिटल्स में 24.9 प्रतिशत की अल्पांश हिस्सेदारी हासिल करने की उम्मीद है।
अन्य न्यूज़















