Balrampur Chini का यूपी में 3,100 करोड़ का PLA बायो-प्लास्टिक संयंत्र जल्द शुरू होगा

Balrampur Chini का यूपी में 3,100 करोड़ का PLA बायो-प्लास्टिक संयंत्र जल्द शुरू होगा
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड उत्तर प्रदेश में 3,080 करोड़ रुपये की लागत वाला पॉली लैक्टिक एसिड संयंत्र स्थापित कर रही है। कंपनी को उम्मीद है कि इस नई इकाई से अगली तिमाही में वाणिज्यिक उत्पादन शुरू हो जाएगा। पूरी क्षमता से संचालन शुरू होने पर इस परियोजना से सालाना करीब 2,000 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने का अनुमान है।

नयी दिल्ली, नौ नवंबर चीनी कंपनी बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड को उम्मीद है कि उत्तर प्रदेश में उसका 3,100 करोड़ रुपये की लागत वाला जैव-प्लास्टिक संयंत्र चालू वित्त वर्ष की अगली तिमाही में वाणिज्यिक उत्पादन शुरू कर देगा। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। कोलकाता मुख्यालय वाली बलरामपुर चीनी मिल्स उत्तर प्रदेश में 10 चीनी मिल का संचालन करती है।

कंपनी 3,080 करोड़ रुपये की लागत से सालाना 80,000 टन उत्पादन क्षमता वाला पॉली लैक्टिक एसिड (पीएलए) संयंत्र स्थापित कर रही है। कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) विवेक सरावगी ने निवेशकों के लिए जारी प्रस्तुति में कहा, ‘‘सालाना 80,000 टन क्षमता वाले पीएलए संयंत्र का निर्माण कार्य तय योजना के अनुसार आगे बढ़ रहा है। हमें उम्मीद है कि संयंत्र वित्त वर्ष 2026-27 की चौथी तिमाही में वाणिज्यिक परिचालन शुरू कर देगा।

निर्माण कार्य पूरी गति से चल रहा है और परियोजना तय कार्ययोजना के अनुरूप आगे बढ़ रही है।’’ कंपनी 15 अक्टूबर, 2026 तक इस प्रस्तावित संयंत्र पर करीब 2,400 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है। बलरामपुर चीनी इस पूंजीगत व्यय के लिए इक्विटी, कर्ज और आंतरिक संसाधनों के मिश्रण से धन जुटा रही है। निवेशक प्रस्तुति के मुताबिक, संयंत्र के पूरी क्षमता से काम करने पर कंपनी को सालाना 2,000 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने की उम्मीद है।

बलरामपुर चीनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में करीब 6,300 करोड़ रुपये का कुल राजस्व दर्ज किया था। कंपनी की कार्यकारी निदेशक अवंतिका सरावगी ने पहले कहा था कि कंपनी उत्तर प्रदेश सरकार की अक्टूबर, 2024 में घोषित जैव-प्लास्टिक औद्योगिक नीति के तहत प्रोत्साहन पाने की भी पात्र है। पॉली लैक्टिक एसिड (पीएलए) जैव-प्लास्टिक गन्ने, मकई के स्टार्च, टैपिओका की जड़ों और अन्य पौधों से प्राप्त कच्चे माल जैसे नवीकरणीय संसाधनों से बनाया जाता है।

इसके उत्पादन की प्रक्रिया में किण्वन (फर्मेन्टेशन) और पॉलिमरीकरण शामिल हैं। यह प्राकृतिक रूप से विघटित हो जाता है और इससे जहरीले अवशेष नहीं निकलते। बलरामपुर चीनी मिल्स भारत की प्रमुख चीनी कंपनियों में से एक है।

इसके अन्य कारोबार में डिस्टिलरी और बिजली सह-उत्पादन गतिविधियां शामिल हैं। कंपनी की उत्तर प्रदेश में 10 चीनी मिल हैं, जिनकी कुल गन्ना पेराई क्षमता 80,000 टन प्रतिदिन है। इसके अलावा, कंपनी की डिस्टिलरी की क्षमता 1,050 किलोलीटर प्रतिदिन और बिजली सह-उत्पादन इकाइयों की बिक्री योग्य क्षमता 175.7 मेगावाट है।

विस्तार योजना के तहत कंपनी ने हाल ही में उत्तर प्रदेश में 160 करोड़ रुपये की लागत से लैक्टोजिप्सम प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित करने की घोषणा की है। पिछले सप्ताह बलरामपुर चीनी मिल्स ने सितंबर में समाप्त तिमाही के लिए अपने एकीकृत शुद्ध मुनाफे में 90 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की थी। सितंबर में समाप्त तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा बढ़कर 102.29 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में 53.89 करोड़ रुपये था।

चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 1,909.84 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 1,679.49 करोड़ रुपये थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़