Bank of Maharashtra के 50 करोड़ डॉलर के विदेशी Bond को मिलीं 3 गुनी बोलियां

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने अपने पहले अंतरराष्ट्रीय बॉन्ड के जरिए 50 करोड़ डॉलर जुटाने के लिए बोलियां आमंत्रित की थीं, जिसे निवेशकों का मजबूत समर्थन मिला। बैंक ने पांच साल की अवधि वाले ये डॉलर बॉन्ड अपनी आईएफएससी बैंकिंग इकाई के जरिए जारी किए हैं। इस सफल निर्गम के साथ बैंक ने वैश्विक बॉन्ड बाजार में अपनी औपचारिक शुरुआत की है।

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ महाराष्ट्र के पांच साल की परिपक्वता अवधि वाले 50 करोड़ डॉलर के पहले अंतरराष्ट्रीय बॉन्ड को तीन गुनी बोलियां मिलीं। बैंक ऑफ महाराष्ट्र (बीओएम) ने शुक्रवार को बयान में कहा कि कारोबार बढ़ाने के लिए जारी इस बॉन्ड को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली। बीओएम ने कहा कि इसके साथ ही उसने अंतरराष्ट्रीय बॉन्ड बाजार में प्रवेश किया है।

बैंक ने कहा कि एक ही चरण में जारी पांच साल की अवधि वाला यह निर्गम अमेरिकी डॉलर में जारी किया गया था। यह निर्गम वरिष्ठ यानी भुगतान के मामले में उच्च प्राथमिकता और असुरक्षित यानी बिना किसी गारंटी वाला था। बैंक ने अपने मध्य अवधि के बॉन्ड कार्यक्रम के तहत इसे अपनी आईएफएससी बैंकिंग इकाई के माध्यम से जारी किया था।

बीओएम ने कहा कि निर्गम को मिली मजबूत प्रतिक्रिया अंतरराष्ट्रीय निवेशक समुदाय के बैंक के बॉन्ड में जताए गए भरोसे को दर्शाती है। यह बैंक के 90 साल से अधिक के सफर में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़