क्या नौकरी से निकाले गए कर्मचारियों ने लिया बदला? Microsoft Server Down के पीछे साजिश की बात में कितना दम?

इस तकनीकी संकट की सबसे बड़ी कीमत वैश्विक कारोबार को चुकानी पड़ सकती है। जब कंपनियों के ईमेल बंद हों, ऑनलाइन मीटिंग न हो सके, भुगतान और कारोबारी संचार में रुकावट आए तो नुकसान केवल कुछ घंटों की उत्पादकता का नहीं होता।
Microsoft की सेवाओं में आई तकनीकी गड़बड़ी ने एक बार फिर दुनिया को यह एहसास करा दिया है कि आधुनिक अर्थव्यवस्था किस हद तक कुछ बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियों के सर्वर और डिजिटल नेटवर्क पर निर्भर हो चुकी है। ईमेल से लेकर ऑफिस के कामकाज, क्लाउड सेवाओं, ऑनलाइन मीटिंग और कारोबारी संचार तक, जब Microsoft की सेवाएं प्रभावित हुईं तो उसका असर किसी एक देश या कंपनी तक सीमित नहीं रहा। दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में लाखों यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर कंपनियों का कामकाज बाधित हुआ और डिजिटल माध्यमों पर निर्भर कारोबार की रफ्तार थम गई।
24 घंटे से ज्यादा ठप रहीं सेवाएं, 74 देशों तक पहुंचा असर
इस व्यवधान की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुनिया के 74 देशों और क्षेत्रों में सेवाओं को लेकर शिकायतें दर्ज हुईं। आउटेज पर नजर रखने वाले प्लेटफॉर्म पर दुनिया भर से 74 लाख से अधिक रिपोर्ट दर्ज की गईं। यह वास्तविक प्रभावित यूजर्स की संख्या नहीं है, बल्कि शिकायतों का आंकड़ा है। Microsoft 365 के करोड़ों उपयोगकर्ताओं के लिए Outlook ईमेल सेवा सबसे बड़ी परेशानी बन गई। लोग अपने इनबॉक्स नहीं खोल पा रहे थे, ईमेल भेजने और प्राप्त करने में दिक्कत आ रही थी और कई संदेश घंटों की देरी से पहुंच रहे थे। Teams पर मीटिंग और बातचीत प्रभावित हुई, जबकि Copilot और अन्य क्लाउड आधारित सेवाओं तक पहुंचने में भी समस्याएं आईं।
इसे भी पढ़ें: Microsoft Server Problem | माइक्रोसॉफ्ट को बड़ा झटका: Outlook, Teams और Copilot समेत कई सेवाएं ठप, लाखों यूजर हुए परेशान
साथ ही इसका असर केवल दफ्तरों में बैठे कर्मचारियों तक सीमित नहीं था। अमेरिका में सरकारी संस्थानों और अमेरिकी संसद के कामकाज पर भी असर पड़ा। जापान और सिंगापुर की सरकारी व्यवस्थाओं में दिक्कतें सामने आईं। ऑस्ट्रेलिया की खुफिया एजेंसी और पुलिस व्यवस्था भी प्रभावित हुई। ब्रिटेन में अस्पतालों, पुलिस और स्वास्थ्य सेवाओं को वैकल्पिक व्यवस्था अपनानी पड़ी। कई डॉक्टरों और चिकित्सा केंद्रों ने मरीजों से ऑनलाइन संपर्क के बजाय फोन करने को कहा। भारत में IndiGo, Air India और Akasa Air जैसी विमानन कंपनियों की ईमेल सहायता सेवाएं प्रभावित हुईं। ग्राहकों को अपनी शिकायतें और जरूरी सूचनाएं भेजने में परेशानी हुई।
कारोबार को अरबों डॉलर की चोट की आशंका
इस तकनीकी संकट की सबसे बड़ी कीमत वैश्विक कारोबार को चुकानी पड़ सकती है। जब कंपनियों के ईमेल बंद हों, ऑनलाइन मीटिंग न हो सके, भुगतान और कारोबारी संचार में रुकावट आए तो नुकसान केवल कुछ घंटों की उत्पादकता का नहीं होता। वित्तीय संस्थानों, शेयर बाजारों, बीमा कंपनियों, शिपिंग और व्यापारिक प्रतिष्ठानों तक इसका असर पहुंचा। रिपोर्टों के मुताबिक, यूरोपीय एक्सचेंज ऑपरेटर Euronext को कंपनियों के साथ संपर्क के लिए फोन का सहारा लेना पड़ा। शिपिंग कंपनी Maersk ने ग्राहकों को जरूरी मामलों में फोन से संपर्क करने को कहा। ब्रिटिश बीमा कंपनी Aviva ने वैकल्पिक फोन नंबरों और दूसरे संचार माध्यमों का इस्तेमाल किया। ताइवान में एक वित्तीय कंपनी को ट्रेड की पुष्टि के लिए फैक्स तक का सहारा लेना पड़ा। अमेरिका की इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी Workhorse Group को अपनी वित्तीय नतीजों से जुड़ी घोषणा टालनी पड़ी।
हालांकि नुकसान का अंतिम वैश्विक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है। शुरुआती आकलनों में अरबों डॉलर की आर्थिक गतिविधियां प्रभावित होने की आशंका जताई गई। बीमा क्षेत्र के विश्लेषकों ने इस घटना से जुड़े संभावित बीमित नुकसान का अनुमान 30 से 50 करोड़ डॉलर के बीच लगाया है। वहीं कुछ छोटे कारोबारियों को एक दिन में 30 हजार डॉलर तक का नुकसान होने की खबरें सामने आईं। यानी यह केवल ईमेल सेवा बंद होने का मामला नहीं था, बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था के कामकाज में पैदा हुई बड़ी रुकावट थी।
आखिर क्यों ठप हुआ Microsoft का पूरा सिस्टम?
Microsoft की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उसके सर्वर अचानक अनुपलब्ध होने लगे। इससे बाकी चालू सर्वरों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया। कंपनी ने पहले नेटवर्क कॉन्फिगरेशन में बदलाव और सर्वर क्षमता से जुड़ी समस्याओं की बात कही। बाद में 13 नवंबर को कंपनी ने स्पष्ट किया कि समस्या पहले किए गए नेटवर्क क्षमता विस्तार (Network Capacity Upgrade) के दौरान पैदा हुई तकनीकी गड़बड़ी से जुड़ी थी, जो हालिया नेटवर्क बदलाव के बाद सामने आई।
समस्या यह थी कि कुछ सर्वर उपलब्ध नहीं रहे और उनके हिस्से का ट्रैफिक दूसरे सर्वरों पर पहुंचने लगा। इससे दबाव बढ़ा और सुधार के लिए किए गए शुरुआती प्रयास भी उम्मीद के मुताबिक काम नहीं कर पाए। कुछ सर्वर दोबारा चालू किए जाने के बाद फिर से जवाब देने में असफल हो गए। यही वजह रही कि समस्या कुछ घंटों में खत्म होने के बजाय 24 घंटे से ज्यादा खिंच गई। कंपनी को चरणबद्ध तरीके से सेवाएं बहाल करनी पड़ीं।
क्या नौकरी से निकाले गए कर्मचारियों की थी कोई साजिश?
इस पूरे घटनाक्रम का एक और दिलचस्प और गंभीर पहलू सोशल मीडिया पर सामने आया। Microsoft में हाल के महीनों में बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी और पुनर्गठन की खबरें आई थीं। जुलाई में कंपनी ने हजारों कर्मचारियों की नौकरियां खत्म कीं और अक्टूबर में भी कर्मचारियों की संख्या घटाने से जुड़ी खबरें सामने आईं। इसी पृष्ठभूमि में सवाल उठने लगे कि क्या अनुभवी कर्मचारियों की विदाई, लागत घटाने की नीति और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर बढ़ते भरोसे का इस तकनीकी संकट से कोई संबंध है? क्या नाराज कर्मचारियों ने किसी तरह की जानबूझकर गड़बड़ी की?
साथ ही सोशल मीडिया पर साइबर हमले, चीन की कथित भूमिका और अनियंत्रित AI एजेंट से लेकर कर्मचारियों की छंटनी तक को इस घटना से जोड़कर तरह-तरह के दावे किए गए। लेकिन इन दावों के समर्थन में कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया। Microsoft ने स्पष्ट किया कि उसे किसी दुर्भावनापूर्ण गतिविधि या साइबर हमले का संकेत नहीं मिला है। कंपनी ने यह भी कहा कि यह घटना AI या AI एजेंट की वजह से नहीं हुई। छंटनी किए गए कर्मचारियों की किसी साजिश का भी कोई प्रमाण सामने नहीं आया।
बहरहाल, इस पूरे घटनाक्रम ने एक कड़वी हकीकत सामने रख दी है। दुनिया की सबसे बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियों में शामिल Microsoft का एक नेटवर्क संबंधी संकट अमेरिका से लेकर एशिया और यूरोप तक सरकारी संस्थानों, अस्पतालों, विमानन कंपनियों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को प्रभावित कर सकता है। जिस डिजिटल व्यवस्था को दुनिया अपनी सबसे बड़ी ताकत मानकर चल रही है, उसी व्यवस्था का एक हिस्सा ठप होते ही करोड़ों लोगों का कामकाज प्रभावित हो गया। Microsoft ने सेवाओं में व्यापक सुधार की जानकारी दी और ग्राहकों से हुई परेशानी के लिए माफी भी मांगी, लेकिन इस घटना से पैदा हुए सवाल अभी खत्म नहीं हुए हैं।
-नीरज कुमार दुबे
अन्य न्यूज़














